Hot Posts

6/recent/ticker-posts

शक होने पर खुली पोल: नॉर्दर्न रेलवे का फर्जी टीटी बनकर घूम रहा शातिर गिरफ्तार

शताब्दी एक्सप्रेस में फर्जी आई-कार्ड दिखाकर रौब गांठ रहा नकली टीटी गिरफ्तार, एटा का रहने वाला है आरोपी

BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,​कानपुर/गाजियाबाद

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) कानपुर सेंट्रल की टीम ने सोमवार को मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी संख्या 12033 कानपुर-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस में एक फर्जी टीटी (TTE) को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी रेलवे का फर्जी पहचान पत्र (ID Card) बनवाकर ट्रेन में घूम रहा था। आरपीएफ ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगामी वैधानिक कार्रवाई के लिए गाजियाबाद स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) को सौंप दिया है।


आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को हेड कांस्टेबल लीलाधर और कांस्टेबल मनोज कुमार-2 शताब्दी एक्सप्रेस में कानपुर सेंट्रल से नई दिल्ली के बीच अनुरक्षण (एस्कॉर्ट) ड्यूटी पर तैनात थे। ट्रेन जब अलीगढ़ स्टेशन पहुंची, तो वहां से एक व्यक्ति खुद को टीटी बताते हुए कोच संख्या C-11 में दाखिल हुआ।


ट्रेन में चेकिंग के दौरान ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल लीलाधर, ट्रेन अधीक्षक (TS) जितेन्द्र सिंह यादव और कोच टीटी अनुज कुमार को उक्त व्यक्ति के हाव-भाव देखकर संदेह हुआ। शक होने पर जब टीम ने उससे पूछताछ की, तो शुरुआती तौर पर उसने खुद को उत्तर रेलवे (नॉर्दर्न रेलवे) का टीटी बताकर रौब गांठने का प्रयास किया।आरपीएफ स्टाफ और ट्रेन के टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा जब कड़ाई से पूछताछ की गई और दस्तावेज मांगे गए, तो आरोपी सकपका गया। उसने स्वीकार किया कि वह रेलकर्मी नहीं है, बल्कि फर्जी पहचान पत्र बनवाकर टीटी बनने का ढोंग कर रहा था।

​पकड़े गए फर्जी टीटी ने अपनी पहचान दुर्वेश कुमार (पुत्र भोजराज) के रूप में बताई है, जो ग्राम नगला, जनपद एटा का निवासी है।

​आरपीएफ ने जालसाज दुर्वेश कुमार को हिरासत में लेकर गाजियाबाद स्टेशन पर उतारा। वहां उसे अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी के हेड कांस्टेबल सोनू सिंह और आरपीएफ के एएसआई ओवेन्द सिंह के सुपुर्द कर दिया गया। जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज इस्तेमाल करने की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने इस फर्जी आई-कार्ड के जरिए कितने यात्रियों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है।

सुरेश राठौर 

Post a Comment

0 Comments