"रेलवे बोर्ड के इंफ्रास्ट्रक्चर सदस्य ने परखी रेल विकास योजनाओं की प्रगति, दिए सख्त निर्देश"
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर / प्रयागराज
रेलवे बोर्ड के सदस्य (इंफ्रास्ट्रक्चर) विवेक कुमार गुप्ता ने शनिवार को कानपुर-प्रयागराज रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कानपुर सेंट्रल स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया और मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के संकल्प सभागार में अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर विकास योजनाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में विवेक कुमार गुप्ता ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर चल रहे आधुनिकीकरण एवं पुनर्विकास कार्यों का स्थलीय जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा आधुनिक एवं नवीनतम तकनीकों का अधिकाधिक उपयोग करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्टेशन पुनर्विकास का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को उच्चस्तरीय आधुनिक, सुरक्षित और सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराना है। निर्माण गतिविधियों के दौरान यह विशेष ध्यान रखा जाए कि यात्रियों की आवाजाही बाधित न हो और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर इन्हें पूरा करने के निर्देश दिए।
कानपुर सेंट्रल के निरीक्षण के उपरांत सदस्य इंफ्रास्ट्रक्चर ने विशेष सैलून से कानपुर-प्रयागराज रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल मार्ग पर चल रहे आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) सुदृढ़ीकरण के विभिन्न कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया और संरक्षा व समयबद्धता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के संकल्प सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए विवेक कुमार गुप्ता ने कहा कि रेलवे की कार्यप्रणाली को नई ऊंचाइयां देने के लिए SQMS – Safety, Quality, Mobility और Skills के बीच बेहतरीन तालमेल जरूरी है:
Safety (संरक्षा): रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसमें किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Quality (गुणवत्ता): कार्यों की दीर्घकालिक उपयोगिता और मानकों के अनुरूप क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
Mobility (गतिशीलता): रेल नेटवर्क की क्षमता और परिचालन दक्षता बढ़ाकर निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करना इसका आधार है।
Skills (कौशल): बदलती तकनीक के अनुरूप कर्मचारियों और अधिकारियों के निरंतर प्रशिक्षण पर बल दिया गया।
इस उच्चस्तरीय बैठक में उत्तर मध्य रेलवे के प्रमुख मुख्य इंजीनियर ए.के. मनुवाल, प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर दीपक कुमार सिन्हा, तथा प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रयागराज मंडल की प्रमुख उपलब्धियों, क्षमता वृद्धि, परिचालन दक्षता और चल रही मेजर इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) एम.एम. वारिस, अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय मो. जावेद अख्तर सहित मंडल के अन्य प्रमुख अधिकारी भी मौजूद रहे।
सुरेश राठौर



0 Comments