'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत जीआरपी ने 20 मिनट में लौटाया मासूम का बचपन
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने तत्परता दिखाते हुए स्टेशन परिसर से गुम हुई एक 2 वर्षीय मासूम बच्ची को महज 20 मिनट के भीतर सकुशल बरामद कर उसकी माँ को सौंप दिया। बच्ची को वापस पाकर भावुक हुई माँ ने जीआरपी टीम का आभार जताया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद के परमापुर निवासी नैना पत्नी राजवीर ने जीआरपी थाना कार्यालय पहुंचकर सूचना दी कि उनकी 2 वर्षीय बेटी स्टेशन पर कहीं खो गई है और काफी तलाशने के बाद भी नहीं मिल रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने तत्काल क्यूआरटी (QRT), प्लेटफार्म ड्यूटी और अन्य पुलिसकर्मियों को खोजबीन में लगा दिया। आरपीएफ कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ हुलिए के आधार पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस टीम की मुस्तैदी से बच्ची को करीब 20 मिनट के भीतर प्लेटफार्म संख्या 4/5 पर अकेला घूमते हुए सकुशल ढूंढ निकाला गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बच्ची को उसकी माँ के सुपुर्द कर दिया गया।
बच्ची को सकुशल ढूंढने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक मुकुंद लाल यादव, अरविंद गुप्ता, मुख्य आरक्षी सर्वेश कुमार, आरक्षी मनीष कुमार यादव, धर्मेंद्र कुमार, मनोज कुमार, दीपक यादव और अतीक अहमद शामिल रहे।
सुरेश राठौर

0 Comments