कानपुर नगर निगम: जनता की समस्याओं के निस्तारण के लिए पार्षदों के पत्रों पर होगी त्वरित कार्यवाही
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश ,कानपुर नगर
नगर निगम मुख्यालय स्थित मोतीझील के समिति कक्ष में सोमवार को महापौर की अध्यक्षता में शासन द्वारा मनोनीत पार्षदों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों और नवनियुक्त पार्षदों के बीच परिचय और शहर के विकास कार्यों पर चर्चा करना था।बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने पत्रों पर प्रशासनिक कार्रवाई न होने को लेकर नाराजगी जताई। इस पर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने आश्वासन दिया कि पार्षदों द्वारा दिए गए सभी पत्रों की समीक्षा कर शीघ्र उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। महापौर ने भी पार्षदों को आश्वस्त किया कि आज की बैठक प्राथमिक तौर पर परिचय के लिए थी, लेकिन भविष्य में पार्षदों द्वारा अग्रसारित पत्रों के आधार पर भी प्राथमिकता से विकास कार्य कराए जाएंगे।
चर्चा के दौरान पार्षद सरदार नीतू सिंह ने किदवई नगर क्षेत्र के वार्ड-14 (सब्जी मण्डी) की गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि बारा देवी चौराहे से ट्रांसपोर्ट नगर की ओर जाने वाले मार्ग से प्रतिदिन लाखों लोगों का आना-जाना होता है, लेकिन रास्ता बेहद संकरा होने के कारण भारी आवागमन में जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इस समस्या के जल्द से जल्द समाधान की मांग की।बैठक में अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार, जगदीश यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय संख्वार, मुख्य अभियंता (सिविल) सैयद फरीद अख्तर जैदी, महाप्रबंधक जलकल आनंद कुमार त्रिपाठी, अधिशाषी अभियंता मार्ग प्रकाश राजेश कुमार, और प्रभारी मार्ग प्रकाश रमेश पाल उपस्थित रहे। इसके अलावा पार्षद विजय कुमार सिंह, रमेश चंद्र हटी, दिनेश बाबा, सुभाष गौड़, राजेश श्रीवास्तव, आदित्य शुक्ला, निधि बाजपेयी, और कमला साहू समेत कई अन्य गणमान्य लोग भी बैठक में शामिल हुए।
सुरेश राठौर


0 Comments