Hot Posts

6/recent/ticker-posts

सड़कों पर उतरी नगर निगम की टीम: महापौर और नगर आयुक्त ने झाड़ू थामकर शुरू किया 157 घंटे का महा-अभियान

कानपुर नगर निगम: 157 घंटे के अनवरत सफाई अभियान का आगाज, 50 कर्मियों के साथ उतरीं भारी मशीनें

​BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर 

शासन के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कानपुर नगर निगम ने शुक्रवार से शहर में 157 घंटे के अनवरत विशेष सफाई अभियान का शंखनाद किया। अभियान के पहले दिन बगिया क्रॉसिंग से मामा तालाब मुख्य मार्ग पर गहन सफाई की गई। इस दौरान महापौर और नगर आयुक्त ने स्वयं हाथों में झाड़ू थामकर न सिर्फ सफाई की, बल्कि कर्मचारियों का हौसला बढ़ाते हुए शहरवासियों को स्वच्छता को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया।


अभियान की शुरुआत जोन-06 क्षेत्र से की गई, जहां 50 सफाई कर्मचारियों की टीम ने मोर्चा संभाला। सफाई कार्य को गति देने के लिए निगम ने भारी मशीनरी झोंक दी, जिसमें एक बॉबकैट, एक जेसीबी, दो टाटा एस और दो कूड़ा डंपर लगाए गए। मौके पर सड़क और पटरियों से तत्काल कूड़ा उठान सुनिश्चित किया गया।


नगर आयुक्त ने मौके पर मौजूद स्वास्थ्य व इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि फील्ड में तैनात सफाईकर्मियों की सुरक्षा सर्वोपरि है; उन्हें सभी जरूरी सुरक्षा उपकरण मुहैया कराए जाएं। इसके अलावा, एकत्र किए गए कचरे के वैज्ञानिक और नियमसम्मत निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यह 157 घंटे का अभियान बिना रुके पूरी मुस्तैदी से चलाया जाए। उन्होंने साफ किया कि अभियान के तहत जिन स्थानों को साफ किया जा रहा है, वहां आगे से दोबारा कूड़ा डंप न होने पाए।अभियान के शुभारंभ अवसर पर समस्त नगर स्वास्थ्य अधिकारी, अपर नगर आयुक्तगण सहित नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। निगम प्रशासन ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है।

सुरेश राठौर 

Post a Comment

0 Comments