Hot Posts

6/recent/ticker-posts

महाकाल दर्शन को निकले बुजुर्ग चलती ट्रेन से गिरे, आरपीएफ की तत्परता ने बचाई जान

ऑपरेशन सेवा: 139 पर सूचना मिलते ही दौड़ी आरपीएफ, झाड़ियों में घायल मिले 82 साल के सेवानिवृत्त शिक्षक

BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,​कानपुर नगर

कानपुर–चंदारी रेलवे ट्रैक के पास चलती ट्रेन से गिरे 82 वर्षीय बुजुर्ग यात्री के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) देवदूत बनकर सामने आया। 'ऑपरेशन सेवा' के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए आरपीएफ कानपुर सेंट्रल की टीम ने झाड़ियों में घायल पड़े बुजुर्ग को खोज निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद सकुशल उनके परिजनों के हवाले कर दिया।

​रेलवे हेल्पलाइन 139 के जरिए सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 09066 (छपरा–सूरत स्पेशल) के कोच संख्या S-8 से एक बुजुर्ग यात्री कानपुर और चंदारी स्टेशन के बीच ट्रैक पर गिर गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ने एएसआई बलबीर सिंह को हमराह स्टाफ के साथ तुरंत मौके की ओर रवाना किया।टीम ने चंदारी स्टेशन, रेल फाटकों के गेटमैन और आसपास के इलाके में पूछताछ करते हुए ट्रैक किनारे सघन खोजबीन शुरू की। लगातार सर्च अभियान के दौरान मेमो शेड और एनसीसी के बीच डाउन लाइन पर किलोमीटर संख्या 1017/14 के पास झाड़ियों में एक बुजुर्ग लहूलुहान हालत में मिले। उनके सिर पर गंभीर चोटें थीं। जवानों ने बिना देर किए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत रेलवे अस्पताल (लोको, कानपुर) ले जाकर प्राथमिक इलाज कराया।


पूछताछ में घायल बुजुर्ग की पहचान लल्लन प्रसाद (82 वर्ष), निवासी मनियर, जिला बलिया के रूप में हुई। सेवानिवृत्त शिक्षक लल्लन प्रसाद अपने परिवार के साथ उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए जा रहे थे। यात्रा के दौरान शौचालय जाते समय ट्रेन में लगे अचानक झटके के कारण वह संतुलन खो बैठे और नीचे गिर पड़े। चलती ट्रेन में परिजन तुरंत यह भांप नहीं पाए कि वह कहां लापता हो गए।हालत स्थिर होने के बाद आरपीएफ ने बलिया में उनके परिजनों से संपर्क किया। सूचना पाकर उनके पुत्र अरविंद कुमार आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बुजुर्ग को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बुजुर्ग यात्री और उनके परिजनों ने आरपीएफ की तत्परता और मानवीय संवेदना के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।

सुरेश राठौर 

Post a Comment

0 Comments