कानपुर सेंट्रल पर रेलवे सुरक्षा बल सख्त: न्यूसेंस फैलाने वाले 8 किन्नरों पर रेल एक्ट के तहत कार्यवाही
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने सख्त रुख अपनाया है। स्टेशन परिसर में यात्रियों को परेशान करने और उपद्रव (न्यूसेन्स) मचाने के आरोप में RPF ने 8 किन्नरों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
RPF अधिकारियों के अनुसार, 11 सितंबर को गश्त के दौरान दिल्ली छोर स्थित फुट ओवरब्रिज (FOB) पर कुछ किन्नर आपस में विवाद और हंगामा करते हुए पाए गए, जिससे आने-जाने वाले यात्रियों को भारी असुविधा हो रही थी। सुरक्षाकर्मियों ने पहले उन्हें समझाने और स्टेशन परिसर में शांति बनाए रखने की हिदायत दी, लेकिन उन्होंने निर्देशों की अनदेखी करते हुए उपद्रव जारी रखा।
यात्रियों की सुविधा और स्टेशन पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से RPF टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 8 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। RPF पोस्ट कानपुर सेंट्रल पर इनके खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 145 (उपद्रव व शांति भंग) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 1457/26 से 1464/26 तक कुल 8 मामले दर्ज किए गए हैं।
RPF प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि रेलवे परिसर में किसी भी प्रकार की असुविधा, अवैध वसूली या अभद्रता की स्थिति में तुरंत निकटतम सुरक्षाकर्मी या रेलवे हेल्पलाइन पर सूचना दें, ताकि तत्काल कानूनी कार्रवाई की जा सके।
सुरेश राठौर

0 Comments