ग्रीनपार्क चौराहे पर खुदे गड्ढों को 4 दिन में भरकर फोटो भेजने का अल्टीमेटम, केस्को से समन्वय के निर्देश
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
सीएम ग्रिड योजना के तहत शहर में चल रहे निर्माण कार्यों में लापरवाही और सड़कों पर लंबे समय से खुदे गड्ढों को लेकर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को जोन-1 व जोन-4 में औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को 4 दिनों के भीतर काम पूरा करने की चेतावनी दी। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि तय समयसीमा में काम पूरा नहीं हुआ तो संबंधित एजेंसी को ब्लैकलिस्ट (काली सूची में डालने) की कार्रवाई शुरू की जाएगी।नगर आयुक्त ने सबसे पहले जोन-1 के तहत ग्रीनपार्क चौराहे से परेड होते हुए घंटाघर तक सीएम ग्रिड कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान चौराहे पर सड़क किनारे लंबे समय से खुदे गड्ढों के कारण राहगीरों को हो रही भारी असुविधा पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई।ग्रीनपार्क चौराहे से हिंदुस्तान टाइम्स बिल्डिंग की ओर निरीक्षण के दौरान एक बड़ा गड्ढा पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट सिटी की एलईडी लाइट और वीएमएस पोल आड़े आने के कारण काम रुका हुआ है। इस पर नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था मेसर्स कोनार्क एसोसिएट्स को निर्देश दिए कि 3 से 4 दिनों के भीतर लाइट व पोल हटाकर गड्ढे को भरें और कार्य पूर्ण होने की फोटो उपलब्ध कराएं।
वहीं, ग्रीनपार्क से कृष्णा टॉवर की ओर सड़क किनारे मिले गड्ढे के संबंध में बताया गया कि केस्को (KESCO) से शटडाउन न मिलने के कारण विलंब हो रहा है। नगर आयुक्त ने जोनल अभियंता को आज ही केस्को अधिकारियों से समन्वय कर शटडाउन सुनिश्चित कराने तथा गड्ढा भरवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यस्थलों पर उचित बैरिकेडिंग, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की भी सख्त हिदायत दी।
इसके उपरांत नगर आयुक्त ने जोन-4 में मकरावर्टगंज स्थित प्रताप पेट्रोल पंप से राजीव पेट्रोल पंप तक मार्ग का निरीक्षण किया। जोनल अभियंता मीनाक्षी ने बताया कि मुख्य सड़क पीडब्ल्यूडी की है, जबकि फुटपाथ व नाली का रखरखाव नगर निगम करता है। मौके पर पेट्रोल पंप के सामने व्यू-कटर टूटे मिले, फुटपाथ क्षतिग्रस्त पाए गए और जलनिकासी का अभाव दिखा।नगर आयुक्त ने क्षतिग्रस्त व्यू-कटर्स को तत्काल ठीक कराने, फुटपाथ के किनारे पक्की नाली बनाने तथा फुटपाथ पर 'परफोरेटेड ग्रास पेवर ब्लॉक्स' (घास वाले जालीदार ब्लॉक) लगाकर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक श्रीवास्तव, सहायक अभियंता मानिक चंद्र सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।सुरेश राठौर


0 Comments