कल्याणपुर रेलवे स्टेशन के पास से हटाया गया 81 मीट्रिक टन कूड़ा, एक सप्ताह में होगा दोबारा निरीक्षण
BBCCRIMETV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
शहर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए सोमवार देर रात जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और उप जिलाधिकारी (सदर) ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। अधिकारियों की टीम ने रात करीब 10:30 बजे नगर निगम द्वारा कराए जा रहे सड़क मरम्मत कार्यों के साथ-साथ कल्याणपुर रेलवे स्टेशन व आसपास चल रहे विशेष सफाई अभियान का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मार्ग मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति को देखा तथा तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने की हिदायत दी। इसके बाद संयुक्त टीम कल्याणपुर रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां चल रहे सफाई अभियान, मैनपावर, कूड़ा उठान वाहनों और चिन्हित 'गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स' (जीवीपी) को समाप्त करने की स्थिति की समीक्षा की गई। मौके पर अधिकारियों को अवगत कराया गया कि रेलवे स्टेशन क्षेत्र से अब तक 9 ट्रक (लगभग 81 मीट्रिक टन) कूड़ा हटाकर निस्तारित किया जा चुका है।डीएम ने रेलवे अधिकारियों से समन्वय बनाकर ट्रैक व ब्लॉक क्षेत्र से तत्काल सारा कचरा हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक सप्ताह के भीतर वह स्वयं दोबारा स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का सत्यापन करेंगे। आगामी त्योहारी सीजन और दीपावली को देखते हुए अतिरिक्त संसाधन और सफाईकर्मी तैनात करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी इलाके में कूड़े का ढेर न लगे।
कानपुर विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के समीप चिन्हित जीवीपी स्थल को दोबारा डंपिंग ग्राउंड या अतिक्रमण का केंद्र बनने से रोकने के लिए अधिकारियों ने ठोस योजना पर मुहर लगाई। निर्देश दिए गए कि इस स्थान पर सुव्यवस्थित 'स्ट्रीट वेंडिंग जोन' विकसित किया जाए। साथ ही नागरिकों और दुकानदारों की सुविधा के लिए पार्किंग और पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ (पेडेस्ट्रियन पाथवे) का निर्माण कराया जाए।
शहर में निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (सीएंडडी वेस्ट) के वैज्ञानिक निस्तारण को लेकर भी कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए गए। प्रभारी अधिकारी को मौजूदा व्यवस्था और प्रस्तावित सुधारों पर आधारित एक विस्तृत पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) तैयार करने को कहा गया है। डीएम की अध्यक्षता में संबंधित कार्यदायी एजेंसी के साथ जल्द ही समीक्षा बैठक होगी, जिसमें व्यावहारिक और समयबद्ध एक्शन प्लान तैयार कर लागू किया जाएगा। अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी कि नागरिक सुविधाओं और स्वच्छता में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरेश राठौर



0 Comments