गाजीपुर: दिशा की बैठक में बोले सांसद अफजाल अंसारी- 'सरकारी योजनाओं की बंदरबांट न हो, पात्रों को मिले सीधा लाभ'
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,गाजीपुर
कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद अफजाल अंसारी ने केंद्र व राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों का लाभ धरातल पर पात्र व्यक्तियों तक अनिवार्य रूप से पहुँचना चाहिए।
जनप्रतिनिधियों ने गिनाईं जनसमस्याएं:
बैठक के दौरान बलिया सांसद सनातन पाण्डेय और जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों ने स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जनप्रतिनिधियों ने जर्जर सड़कों, स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की अनुपलब्धता, नहरों के टेल तक रोस्टर के अनुसार पानी न मिलने और जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों को बदहाल छोड़ने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। सांसद ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट संबंधित जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराई जाए।
आपदा पीड़ितों को मिले आवास:
समीक्षा के दौरान सांसद ने निर्देश दिया कि जनपद में आपदा से प्रभावित होने वाले गरीब परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर मुख्यमंत्री आवास योजना से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने महात्मा गांधी नरेगा, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित दर्जनों विभागों के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की।
डीएम की सख्त हिदायत:
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने पीपीटी के माध्यम से योजनाओं की वर्तमान स्थिति साझा की और विभागीय अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी कि कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया।
प्रमुख उपस्थिति:
इस अवसर पर विधायक ओम प्रकाश सिंह, सुहेब उर्फ मन्नू अंसारी, जयकिशुन शाहू, बेदीराम, डॉ. विरेन्द्र यादव, नपा अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, एसपी सिटी राकेश मिश्रा, सीडीओ संतोष कुमार वैश्य सहित सभी ब्लॉक प्रमुख और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
जिला संवाददाता राम प्रवेश राय


0 Comments