प्रमिला सभागार में बही भक्ति की गंगा, माता रानी की आरती से हुआ शुभारंभ
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
नगर निगम मुख्यालय स्थित प्रमिला सभागार सोमवार को पूरी तरह भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। अवसर था माननीय महापौर प्रमिला पांडे द्वारा आयोजित 'माता की चौकी' का, जहाँ शहर के गणमान्य नागरिकों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने देर शाम तक माता की महिमा का गुणगान किया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ महापौर प्रमिला पांडे ने माता रानी की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलन और भव्य आरती के साथ किया। इस दौरान सभागार में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों का आनंद लिया। महापौर ने स्वयं पार्षदों के साथ मिलकर “चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है” और “प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी” जैसे भजनों पर हाजिरी लगाई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि माता की चौकी का यह आयोजन विगत कई वर्षों से अनवरत रूप से किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "इस अनुष्ठान के माध्यम से हम आदि शक्ति से राष्ट्र के कल्याण और समस्त प्राणियों की सुख-समृद्धि व उन्नति की मंगल कामना करते हैं।"
भक्ति संध्या में विधायक सरोज कुरील, कमलावती सिंह, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर, पार्षद आरती त्रिपाठी, प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इसके साथ ही भाजपा महिला मोर्चा (उत्तर) की जिलाध्यक्ष सरोज सिंह, महिला मोर्चा (दक्षिण) जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी, पूर्व पार्षद नमिता मिश्रा और दीपा द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व शहरवासी मौजूद रहे।
सुरेश राठौर





0 Comments