Hot Posts

6/recent/ticker-posts

त्योहारों में भीड़ प्रबंधन के लिए कानपुर सेंट्रल पर संयुक्त मॉक ड्रिल, परखी गई सुरक्षा व्यवस्था

आरपीएफ, जीआरपी और सिविल पुलिस ने मिलकर किया आपातकालीन परिस्थितियों का पूर्वाभ्यास

BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,​कानपुर नगर 

आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर उमड़ने वाली संभावित भीड़ के सुरक्षित और व्यवस्थित प्रबंधन को लेकर गुरुवार को व्यापक संयुक्त मॉक ड्रिल की गई। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के नेतृत्व में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों और रेलवे विभागों ने मिलकर आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखा।


अभ्यास के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 पर अचानक अत्यधिक भीड़ एकत्र होने का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल टेंट साइड गेट संख्या 2 को बंद कर दिया गया और यात्रियों के प्रवाह को पहले से तय 'वैकल्पिक होल्डिंग एरिया' की ओर मोड़ दिया गया। प्लेटफॉर्म पर दबाव सामान्य होने के बाद यात्रियों को 'गाइडेड वे' के जरिए कतारबद्ध कराकर सुरक्षित रूप से स्पेशल ट्रेन में रवाना किया गया।


​भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए स्टेशन परिसर में ड्रोन कैमरों का उपयोग किया गया, जिससे त्वरित निर्णय लेने में मदद मिली। इसके साथ ही स्टेशन के बाहर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर रूट डायवर्जन का भी अभ्यास किया गया।​मॉक ड्रिल में मेडिकल इमरजेंसी से निपटने की तैयारी भी परखी गई। एक यात्री के अचानक अस्वस्थ होने की काल्पनिक स्थिति में तत्काल सीपीआर देने, प्राथमिक उपचार और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजने का सफल अभ्यास हुआ।


​इस संयुक्त अभियान में आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त विवेक वर्मा, प्रभारी निरीक्षक सिद्धनाथ पाटीदार, जीआरपी एसएचओ ओमनारायण सिंह समेत आरपीएफ, जीआरपी, सिविल पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और रेलवे के विभिन्न विभागों के लगभग 100 से अधिक अधिकारी व जवान शामिल रहे। अभ्यास के बाद अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया की समीक्षा कर आगामी त्योहारी सीजन में आपसी समन्वय और सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।

सुरेश राठौर 

Post a Comment

0 Comments