दूसरों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर करते थे ठगी, कानपुर पुलिस ने दबोचा गिरोह
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश, कानपुर नगर
कानपुर कमिश्नरेट की बिल्हौर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने शनिवार को फर्जी स्कीम के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं। यह गिरोह भोले-भाले लोगों को ऊंचे मुनाफे का लालच देकर उनके बैंक खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम मंगाने के लिए करता था।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान वीरेंद्र (26), लवकुश उर्फ ठाकुर (29) और अरुण कुमार उर्फ छोटू (20) के रूप में हुई है। ये तीनों बिल्हौर के ग्राम गौरी के निवासी हैं। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये आरोपी लोगों को फर्जी स्कीम में पैसा कमाने का लालच देते थे। गिरोह के सदस्य लोगों के आधार कार्ड का उपयोग कर नई सिम निकालते थे और फिर अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाकर साइबर फ्रॉड की रकम उन खातों में मंगवाते थे।
डीसीपी पश्चिम के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान पता चला कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए कूट रचित (फर्जी) आधार कार्ड तैयार करते थे। इनका उपयोग बैंक और जनसेवा केंद्रों पर पहचान के तौर पर किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 03 एंड्रॉइड मोबाइल, 03 फर्जी आधार कार्ड, 04 पासबुक और 05 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
इस गिरोह को पकड़ने में बिल्हौर थाना प्रभारी सुधीर कुमार और पश्चिम जोन साइबर सेल प्रभारी शुभम यादव की टीम ने मुख्य भूमिका निभाई। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
सुरेश राठौर

0 Comments