मोदी सरकार के 12 वर्ष: महापौर ने लगाया जनसुनवाई कैंप, सीवर-जलभराव की समस्या 7 दिन में दूर करने के निर्देश
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शहर की महापौर प्रमिला पांडे ने आज नगर आयुक्त एवं अन्य आला अधिकारियों के साथ जोन 2 और जोन 3 में 'जनसुनवाई कैंप' लगाया। इस दौरान महापौर ने स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को सुना और मौके पर ही अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के आदेश दिए। महापौर ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि क्षेत्र में जलभराव और सीवर से जुड़ी सभी समस्याओं को आगामी 7 दिनों के भीतर हर हाल में दुरुस्त किया जाए।
किदवई नगर स्थित म्यूजिकल फाउंटेन पार्क में आयोजित जनसुनवाई के दौरान स्थानीय निवासियों ने महापौर से पार्क की सुरक्षा को लेकर गंभीर शिकायत की। नागरिकों का कहना था कि पार्क में कुल 14 गेट होने के कारण शाम ढलते ही यहाँ अराजक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है, जो वहाँ बैठकर नशेबाजी करते हैं। इससे स्थानीय लोगों और महिलाओं का पार्क में आना-जाना दूभर हो गया है।जनता की इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महापौर प्रमिला पांडे ने तत्काल अधिकारियों के साथ पार्क का औचक निरीक्षण किया। मौके पर अव्यवस्था देख उन्होंने नाराजगी जताई और सुरक्षा के लिहाज से म्यूजिकल फाउंटेन पार्क के गेटों की संख्या 14 से घटाकर केवल 4 करने का बड़ा फैसला सुनाया। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया कि शेष 10 गेटों को तुरंत बंद किया जाए ताकि अराजक तत्वों पर लगाम कसी जा सके।
नगर निगम प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, महापौर का यह जनसुनवाई अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसी क्रम में कल जोन 5 और जोन 6 में जनसुनवाई कैंप का आयोजन किया जाएगा, जहाँ महापौर खुद मौजूद रहकर क्षेत्रीय जनता की समस्याओं का निपटारा करेंगी।
सुरेश राठौर


0 Comments