Hot Posts

6/recent/ticker-posts

​मेयर-नगर आयुक्त की संयुक्त बैठक में खुली पोल, 220 बड़े नालों में से केवल 67 ही साफ

मानसून से पहले कानपुर में नाला सफाई सुस्त, भड़कीं मेयर: 580 नालों का काम बाकी, अधिकारियों को दी 'डेडलाइन'

BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,​​कानपुर नगर 

शहर में मानसून की दस्तक से पहले नालों की सफाई की सुस्त रफ्तार पर महापौर और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय के समिति कक्ष में हुई संयुक्त समीक्षा बैठक में यह बात सामने आई कि शहर के कुल 1705 नालों (बड़े और छोटे मिलाकर) में से अभी भी 580 नालों की सफाई अधूरी है। इस पर गहरी नाराजगी जताते हुए महापौर ने अभियंत्रण विभाग को 7 दिन और स्वास्थ्य विभाग को 15 दिन के भीतर सभी नालों की सफाई हर हाल में पूरी करने की अंतिम 'डेडलाइन' दे दी है।​बैठक में आंकड़ों की समीक्षा के दौरान सामने आया कि अभियंत्रण विभाग के 220 बड़े नालों में से केवल 67 साफ हुए हैं और 153 का काम अब भी अटका है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के छोटे नालों (1 मीटर से कम चौड़े) की स्थिति भी खराब है, जहाँ 1485 में से 427 नालों से सिल्ट निकलना बाकी है।

​महापौर ने सख्त लहजे में अधिकारियों को चेताया कि कई इलाकों से शिकायतें आ रही हैं कि नाला साफ करके सिल्ट (कीचड़) सड़क पर ही छोड़ दी जाती है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को तो दिक्कत होती ही है, बरसात होने पर यह सिल्ट दोबारा बहकर नाले में चली जाती है। उन्होंने निर्देश दिया कि सफाई के अधिकतम 4 से 5 दिनों के भीतर सिल्ट का उठान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।सफाई व्यवस्था के अलावा बैठक में शहर की कानून व्यवस्था और आय बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। महापौर ने निर्देशित किया कि नगर निगम की जमीनों पर जहां भी भू-माफियाओं के अवैध कब्जे हैं, उन्हें तत्काल ध्वस्त किया जाए। उन खाली जमीनों पर गरीबों के लिए 'हाट-बाजार' विकसित किए जाएं। इससे जहां एक तरफ गरीबों को रोजगार के लिए सुरक्षित स्थान मिलेगा, वहीं नगर निगम की आय में भी इजाफा होगा।

​आगामी त्योहारों के मद्देनजर महापौर ने अधिकारियों को जगन्नाथ रथ यात्रा और मोहर्रम जुलूस के मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर उन्हें समय रहते पूरी तरह दुरुस्त और गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए हैं, ताकि त्योहारों के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।समीक्षा बैठक में अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार, मुख्य अभियंता सिविल सैय्यद फरीद अख्तर जैदी, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनमोहन आर्या सहित सभी जोनों के अधिशाषी अभियंता, जोनल स्वच्छता अधिकारी (ZSO) और जलकल विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


सुरेश राठौर 


Post a Comment

0 Comments