रैकेपुर चौकी का 'रियलिटी चेक': आधी रात को पहुंचे डीसीपी, खंगाले अभिलेख
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था को परखने और पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी जांचने के लिए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एस.एम. कासिम आबिदी ने मोर्चा संभाल लिया है। डीसीपी पश्चिम ने रविवार-सोमवार की दरमियानी रात को थाना सचेंडी क्षेत्रांतर्गत रैकेपुर पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को कड़े निर्देश दिए।
आधी रात को अचानक चौकी पहुंचे डीसीपी को देखकर वहां हड़कंप मच गया। उपायुक्त ने सबसे पहले चौकी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने चौकी के महत्वपूर्ण अभिलेखों (रजिस्टरों) को खंगाला और पेंडिंग मामलों व अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। उन्होंने चौकी प्रभारी को रिकॉर्ड दुरुस्त रखने और फरियादियों की समस्याओं पर तत्काल एक्शन लेने के निर्देश दिए।
चौकी के निरीक्षण के बाद डीसीपी पश्चिम खुद क्षेत्र की सड़कों पर उतरे। उन्होंने थाना क्षेत्र में स्थापित विभिन्न पुलिस पेट्रोलिंग और गश्त ड्यूटी प्वाइंटों का 'रियलिटी चेक' किया। रात के सन्नाटे में पिकेट और चेकिंग पॉइंट पर तैनात पुलिसकर्मी मुस्तैद मिले, जिनकी उन्होंने सराहना भी की।डीसीपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को हिदायत देते हुए कहा कि क्षेत्र में निरंतर भ्रमणशील रहकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जाए। किसी भी सूरत में कोई अप्रिय घटना घटित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने साफ किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों से सख्ती से निपटा जाए और जनता के बीच पुलिस का विश्वास और मजबूत किया जाए।
सुरेश राठौर



0 Comments