जीआरपी और आरपीएफ ने मिलकर झकरकट्टी पुल के पास से दबोचा शातिर मोबाइल चोर
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
रेलवे सुरक्षा को चाक-चौबंद करने और ट्रेनों में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) और आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) ने एक सफलता हासिल की है। कानपुर सेन्ट्रल रेलवे स्टेशन के आउटर पर यात्रियों के मोबाइल और कीमती सामान उड़ाने वाले एक बेहद शातिर अंतर्जनपदीय चोर को दोनों बलों की मुस्तैदी के कारण दबोच लिया गया है। पकड़े गए आरोपी के पास से करीब ₹1,25,000 की कीमत के दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
जीआरपी कानपुर सेन्ट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओमनारायण सिंह के नेतृत्व में जीआरपी और आरपीएफ पोस्ट जीएमसी गोविन्दपुरी की संयुक्त टीम रविवार को रेलवे ट्रैक के किनारे झकरकट्टी पुल के पास सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को देखकर एक युवक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर आवश्यक बल प्रयोग के साथ दबोच लिया गया।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान धीरज उर्फ प्रवेश कठेरिया (उम्र 24 वर्ष), निवासी गोविन्दनगर, कानपुर नगर के रूप में हुई है। पूछताछ में शातिर अपराधी ने कुबूल किया कि वह आउटर पर जैसे ही ट्रेनें धीमी होती थीं, वैसे ही खिड़की और दरवाजे के पास बैठे यात्रियों के हाथ से मोबाइल झपटकर या सामान चोरी कर झाड़ियों के रास्ते फरार हो जाता था। उसके पास से चोरी के दो कीमती मोबाइल (वीवो और रेडमी कंपनी) बरामद किए गए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है। इसके खिलाफ जीआरपी कानपुर सेन्ट्रल में चोरी, छिनैती और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 12 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वर्तमान कार्रवाई में आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत नए मुकदमे दर्ज कर उसे जेल भेजा जा रहा है।
सुरेश राठौर

0 Comments