तीसरी आंख की मदद से कल्याणपुर पुलिस का बड़ा खुलासा, चोरी के शत-प्रतिशत आभूषणों के साथ चोर गिरफ्तार
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
कमिश्नरेट कानपुर नगर की कल्याणपुर थाना पुलिस ने बंद घरों को निशाना बनाने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के भारी मात्रा में आभूषण बरामद किए हैं। इस चोरी की घटना का अनावरण करने में तीसरी आंख यानी 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की अहम भूमिका रही।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ननकारी (आईआईटी कानपुर नगर) में किराए के मकान में रहने वाली प्रभा देवी पत्नी धर्मेंद्र यादव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ समय पहले उनके घर के बक्से में रखे चांदी के कीमती आभूषण चोरी हो गए हैं। पीड़िता की तहरीर पर कल्याणपुर थाने में मु०अ०सं० 351/26 धारा 305ए बीएनएस (BNS) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कल्याणपुर के कुशल नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने क्षेत्र में 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के अंतर्गत लगाए गए कैमरों की फुटेज खंगाली और ह्यूमन इंटेलिजेंस (मुखबिर तंत्र) की मदद ली।ठोस सुराग मिलने पर पुलिस ने रविवार सुबह करीब 10:45 बजे एल्डिको सोसायटी बारासिरोही के पीछे जहादरपुर स्थित पानी की टंकी के पास घेराबंदी की। वहाँ से अभियुक्त अमरजीत त्रिवेदी (उम्र 23 वर्ष) पुत्र रामबाबू, निवासी मकान नंबर 191, पुरवा ननकारी (निकट जी०पी० पब्लिक स्कूल, आईआईटी कानपुर नगर) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए आरोपी की तलाशी और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया, जिसमें शामिल हैं:
चांदी की दो जोड़ी पायल (वजन क्रमशः 41.2 ग्राम और 39.2 ग्राम)
एक चांदी की चेन (9.5 ग्राम)
चांदी की चौका बिछिया (क्रमशः 11.5 ग्राम, 13.5 ग्राम और 10 ग्राम)
तीन चांदी की अंगूठियां (कुल वजन 8.2 ग्राम)
चांदी की चाबी का गुच्छा (20.8 ग्राम)
एक सोने का 'ॐ' (वजन 0.180 ग्राम)
शातिर चोर को दबोचने और माल बरामद करने वाली टीम में मुख्य रूप से कल्याणपुर थाने के उपनिरीक्षक (उ0नि0) इतेंद्र कुमार, उ0नि0 पंकज कुमार निर्मल, उ0नि0 राजर्षि त्रिपाठी और कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल रहे। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
सुरेश राठौर

0 Comments