Hot Posts

6/recent/ticker-posts

स्टेशन पर उमड़ी परीक्षार्थियों की भीड़, RPF-GRP की मुस्तैदी के बीच सुचारू रहा रेल संचालन

यूपी पुलिस परीक्षा: परीक्षार्थियों के लिए कानपुर और प्रयागराज से चलीं स्पेशल ट्रेनें

BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश, कानपुर नगर 

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा आयोजित कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने विशेष इंतजाम किए हैं। परीक्षा के मद्देनजर स्टेशनों पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन द्वारा कई रूटों पर 'एग्जाम स्पेशल' ट्रेनों का संचालन किया गया, जिससे परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।


​मण्डल रेल प्रबंधक (DRM) रजनीश अग्रवाल के निर्देश पर पूरी व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू किया गया। प्रयागराज जंक्शन और कानपुर सेंट्रल सहित मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले गए तथा प्रवेश व निकास द्वारों पर विशेष प्रबंध किए गए। भीड़ नियंत्रण के लिए मंडल कार्यालय में स्थापित अत्याधुनिक वार रूम से प्रमुख स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के जरिए पल-पल की निगरानी की गई।

रेलवे प्रशासन द्वारा सोमवार को संचालित की गई विशेष ट्रेनों और रिशिड्यूल का विवरण इस प्रकार है।कानपुर सेंट्रल से झांसी के लिए दोपहर 13:43 बजे और शाम 18:45 बजे दो एग्जाम स्पेशल ट्रेनें रवाना की गईं। वहीं, कानपुर से लखनऊ के लिए भी दोपहर 13:43 बजे और शाम 19:00 बजे विशेष ट्रेनें चलाई गईं।मेमू ट्रेन रिशिड्यूल: परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 64212 कानपुर सेंट्रल-लखनऊ मेमू के समय में बदलाव किया गया। यह ट्रेन अपने निर्धारित समय दोपहर 12:20 बजे के स्थान पर दोपहर 13:30 बजे चलाई गई।​प्रयागराज से बांदा स्पेशल: प्रयागराज जंक्शन से बांदा जाने वाले परीक्षार्थियों के लिए शाम 18:50 बजे जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 10 पर विशेष ट्रेन लगाई गई।


​स्टेशनों पर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) तथा राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवानों को मुस्तैद किया गया। वाणिज्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्टेशन परिसर में हेल्प डेस्क के माध्यम से परीक्षार्थियों का मार्गदर्शन किया। टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा अभ्यर्थियों को ट्रेन के समय और प्लेटफॉर्म की सटीक जानकारी दी गई।


प्रयागराज मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी (PRO) अमित कुमार सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुरक्षा, सुविधा और सुचारू रेल संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। स्टेशनों पर लगातार लाउडस्पीकर से उद्घोषणा की जा रही है ताकि प्लेटफॉर्म पर भगदड़ की स्थिति न बने। रेलवे का प्रयास है कि युवा बिना किसी मानसिक तनाव के समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुँच सकें।


सुरेश राठौर 

Post a Comment

0 Comments