Hot Posts

6/recent/ticker-posts

गोकशी के दो आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल, अवैध हथियार और ब्रेजा गाड़ी बरामद

गाड़ी गड्ढे में गिरी और शुरू हो गई फायरिंग! चौबेपुर पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर गोकशों का हुआ ये हाल

BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,​कानपुर

 कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और शातिर अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में गोकशी के दो मुख्य आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए हैं। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान शाहनवाज (निवासी: कुली बाजार) और मुबीन (निवासी: दलेलपुरवा) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों घायल अपराधियों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया है।


आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बीते 7 जुलाई को चौबेपुर थाना क्षेत्र में गोकशी (गौ-वंश वध) की एक वारदात सामने आई थी। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ सर्विलांस और क्राइम ब्रांच की टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील थीं और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था।


आज पुलिस को मुखबिर के जरिए सटीक सूचना मिली कि गोकशी की घटना को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधी किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई और जादेपुर गांव के पास पिकेट लगाकर नाकाबंदी कर दी गई।​इसी दौरान गांव की तरफ से एक ब्रेजा गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने जब गाड़ी को रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने गाड़ी भगाने का प्रयास किया। इस हड़बड़ाहट में उनकी गाड़ी असंतुलित होकर एक गड्ढे में गिर गई। गाड़ी गिरते ही दोनों बदमाशों ने नीचे उतरकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित सूझबूझ दिखाते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे पकड़े गए।

​पुलिस ने अभियुक्तों के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:

​अवैध असलहे: दोनों के पास से 315 बोर के दो अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस।

​वाहन: घटना में प्रयुक्त ब्रेजा गाड़ी।

​हथियार: गोकशी की घटनाओं में इस्तेमाल किए जाने वाले धारदार चाकू।

​आपराधिक रिकॉर्ड:पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास है। शाहनवाज पहले भी गोकशी के मामले में जेल जा चुका है, वहीं मुबीन भी जनपद फतेहपुर से गोकशी के ही एक मामले में जेल में निरुद्ध रह चुका है।


पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने कुबूल किया कि जिस ब्रेजा गाड़ी से वे घूम रहे थे, वह नीरज कटियार नाम के व्यक्ति की है। नीरज कटियार भी 7 जुलाई को हुई गोकशी की घटना में इनके साथ पूरी तरह शामिल था। इसके अलावा इस गिरोह में एक अन्य व्यक्ति भी शामिल है जो इनका रिश्तेदार बताया जा रहा है। पुलिस ने इन फरार सह-आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सुरेश राठौर 

Post a Comment

0 Comments