नगर निगम के डीपीएस कॉलेज में लचर व्यवस्था पर भड़के नगर आयुक्त, प्रधानाचार्य का वेतन रोका
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
नगर निगम द्वारा संचालित नवाबगंज स्थित डी.पी.एस. इंटर कॉलेज में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर आयुक्त ने पूरी टीम के साथ वहां औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कॉलेज में भारी अव्यवस्था, गंदगी और छात्रों की बेहद कम उपस्थिति मिलने पर नगर आयुक्त ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने लापरवाही के आरोप में कॉलेज के प्रधानाचार्य का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने और एक शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान जब नगर आयुक्त कॉलेज की ई-क्लास देखने पहुंचे, तो वह बंद पाई गई। इस पर प्रधानाचार्य हरिमंगल चंदेल ने सफाई दी कि अप्रैल 2026 में उनके तबादले के बाद से ही ई-क्लास बंद है, जबकि पिछले सत्र में यह सुचारू रूप से चल रही थी। नगर आयुक्त ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए प्रभारी अधिकारी (शिक्षा) को निर्देश दिए कि ई-क्लास को तत्काल पहले की तरह शुरू कराया जाए और रोजाना कक्षावार पाठ्यक्रम का अध्यापन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही क्लास रूम की नियमित सफाई के भी निर्देश दिए।
जब नगर आयुक्त ने छात्रों की उपस्थिति पंजिका (अटेंडेंस रजिस्टर) की जांच की, तो कॉलेज की लचर व्यवस्था खुलकर सामने आ गई। रजिस्टर के मुताबिक कॉलेज में कुल 201 छात्र नामांकित हैं, लेकिन मौके पर कक्षा 11 में मात्र 3 और कक्षा 12 में केवल 6 छात्र ही उपस्थित मिले। हालांकि कक्षा 9 और 10 में उपस्थिति संतोषजनक रही।कॉलेज की इस दुर्दशा और छात्रों की अनुपस्थिति पर जब प्रधानाचार्य से जवाब मांगा गया, तो वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। ऐसा लग रहा था कि उन्हें कॉलेज की व्यवस्थाओं की कोई जानकारी ही नहीं है। इस पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए नगर आयुक्त ने प्रभारी अधिकारी (शिक्षा) को प्रधानाचार्य का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने का आदेश दिया। इसके अलावा वहां मौजूद शिक्षक नीरज कुमार रोहिला को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
निरीक्षण के दौरान कॉलेज परिसर में कई जगहों पर कूड़ा और गंदगी फैली मिली, जिसे लेकर नियमित साफ-सफाई के कड़े निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि कॉलेज की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए 15 दिन बाद दोबारा औचक निरीक्षण किया जाएगा और यदि तब भी सुधार नहीं मिला, तो आगे और बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सुरेश राठौर




0 Comments