ट्रेन के इंतजार में खड़े थे तस्कर, RPF और GRP ने किया गिरफ्तार ; उड़ीसा से कानपुर पहुंची थी गांजे की खेप
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने बुधवार तड़के हैरिशगंज पुल के पास घेराबंदी कर दो शातिर मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से दो ट्रॉली बैग में भरा कुल 26 किलो 70 ग्राम नाजायज गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 28 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।प्रभारी निरीक्षक थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल ओम नारायण सिंह व आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक सिद्धनाथ पाटीदार के कुशल नेतृत्व में गठित टीम बुधवार तड़के करीब 03:20 बजे चेकिंग कर रही थी। तभी कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के हैरिशगंज पुल से टाटमिल की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर पीपल के पेड़ के पास दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस टीम ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए दोनों को चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान मध्य प्रदेश के रीवा जिले के थाना चोरहटा अंतर्गत ग्राम खैरा (आंगनवाड़ी के पास) निवासी शनि साकेत (21 वर्ष) पुत्र अच्छेलाल साकेत और सोनू कुमार प्रजापति (19 वर्ष) पुत्र राम लाल प्रजापति (हाल निवासी सलीम खां का किराए का मकान, खैरा) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे यह नाजायज गांजा उड़ीसा से लेकर आए थे और ट्रेन के इंतजार में थे।थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ मु०अ०सं० 243/26 धारा 8/20 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली संयुक्त टीम में प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह, आरपीएफ प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार, सीआईबी विंग आरपीएफ के प्रभारी अमित कुमार चौधरी, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, अजीत प्रताप, मोहित कुमार, शशिकांत सरोज सहित जीआरपी और आरपीएफ के कई मुख्य आरक्षी व आरक्षी शामिल रहे।
सुरेश राठौर

0 Comments