Hot Posts

6/recent/ticker-posts

सड़कों के गड्ढे 15 दिन में भरें, एक हफ्ते में सुधरेगी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था: नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय

एक्शन मोड में नगर आयुक्त: उद्यमियों की समस्याओं पर अफसरों को अल्टीमेटम, 15 दिन में गड्ढा मुक्त होंगी औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें

BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,​कानपुर नगर 

नगर निगम मुख्यालय स्थित सभागार में गुरुवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की अध्यक्षता में औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में उद्यमियों ने जलभराव, खराब सड़कों, टैक्स और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विजय कुमार सहित आईआईए के चेयरमैन आर.के. अग्रवाल व अन्य उद्यमी मौजूद रहे।


बैठक में उद्यमियों ने बताया कि इस्पात नगर में 50 करोड़ रुपये की लागत से 6 सड़कों और नाले के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया लटकी हुई है। इस पर नगर आयुक्त ने कहा कि कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। तब तक तात्कालिक राहत के लिए जोनल अभियंता-5 को 'फॉसी मशीन' (पोकलेन) के जरिए नाले की सफाई कराकर जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


रूमा औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने शिकायत की कि यूपीसिडा के साथ-साथ अब नगर निगम भी उन्हें गृहकर (हाउस टैक्स) का नोटिस भेज रहा है। जोनल अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। हालांकि, नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त (प्रथम) को निर्देश दिया कि वे यूपीसिडा और उद्यमियों, दोनों पक्षों को सुनकर नियमानुसार बीच का रास्ता निकालें।

​औद्योगिक क्षेत्रों में अंधेरे के कारण हो रही दुर्घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त को एक सप्ताह के भीतर स्ट्रीट लाइटें ठीक कराने के निर्देश दिए। इसके लिए शुक्रवार को ही सर्वे टीम भेजने को कहा गया है। इसके अलावा, जिन क्षेत्रों में केडीए द्वारा सड़क निर्माण होना है, वहां अस्थाई राहत के लिए नगर निगम सीमा के भीतर आने वाले गड्ढों को अगले 15 दिनों में पैच मरम्मत (गड्ढा मुक्ति) के जरिए ठीक करने का आदेश जोनल अभियंता को दिया गया।

​उद्यमियों ने शिकायत की कि फजलगंज में जलकल विभाग ने सीवर लाइन तो डाल दी, लेकिन सड़क को वापस ठीक (रेस्टोरेशन) नहीं किया। इस पर नाराजगी जताते हुए जोनल अभियंता को निर्देश दिया गया कि वे जलकल विभाग से बात कर सड़क ठीक कराएं, अन्यथा नगर निगम खुद अपने स्तर से इस कार्य को पूरा कराए। सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कुछ क्षेत्रों में प्रायोगिक तौर पर शुक्रवार से सफाई के समय में बदलाव करने के निर्देश जोनल स्वच्छता अधिकारी को दिए गए हैं।

सुरेश राठौर 

Post a Comment

0 Comments