रथयात्रा मार्ग पर नहीं दिखेगी गंदगी और गड्ढे, नगर निगम के आला अफसरों ने संभाला मोर्चा
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
जगन्नाथ रथयात्रा के भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। मंगलवार को नगर आयुक्त ने विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) सलिल बिश्नोई के साथ प्रस्तावित रथयात्रा मार्ग का बारीकी से पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी नागरिक सुविधाएं और विकास कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद अमित गुप्ता, आदर्श गुप्ता और जगन्नाथ यात्रा समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं नगर निगम की ओर से मुख्य अभियंता, जलकल महाप्रबंधक, जोनल अधिकारी, जोनल अभियंता और मुख्य स्वच्छता अधिकारी सहित पूरी टीम साथ रही।
नगर आयुक्त और एमएलसी ने पूरे यात्रा मार्ग पर पैदल भ्रमण कर नगर निगम द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सड़कों की मरम्मत, पैचवर्क, साफ-सफाई, कूड़ा उठान और स्ट्रीट लाइटों की स्थिति को परखा गया। नगर आयुक्त ने संबंधित प्रभारियों को स्पष्ट किया कि काम की गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं होना चाहिए।अधिकारियों को हिदायत देते हुए नगर आयुक्त ने कहा कि विशेष रूप से स्वच्छता संबंधी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए और अधिकारी स्वयं इसका नियमित भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) करें। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आम जनता को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय (कोऑर्डिनेशन) बनाकर काम करें और यात्रा अवधि के दौरान भी रूट पर लगातार निगरानी बनाए रखें।
सुरेश राठौर



0 Comments