कानपुर सेंट्रल पर 40 लाख का गांजा बरामद, महिला तस्कर गिरफ्तार
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
रेलवे में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 40 लाख रुपये मूल्य का 34 किलो से अधिक नाजायज गांजा बरामद किया है।जीआरपी थाना प्रभारी ओम नारायण सिंह और आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस टीम मंगलवार सुबह करीब 9:10 बजे प्लेटफ़ॉर्म नंबर-01 के पास पार्सल लोडिंग एरिया में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध दिखने पर एक महिला को घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी महिला की पहचान अमीना (31, काल्पनिक नाम), निवासी लोनी (गाजियाबाद) के रूप में हुई है।
तलाशी लेने पर महिला के कब्जे में मौजूद दो ट्रॉली बैगों से कुल 34 किलो 490 ग्राम नाजायज गांजा बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।पूछताछ में महिला तस्कर ने कुबूल किया कि वह यह गांजा ओडिशा के भुवनेश्वर से लाकर ट्रेन के जरिए दिल्ली ले जाने की फिराक में थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।कार्रवाई के दौरान महिला के साथ एक 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची भी पाई गई। महिला बच्ची के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी। महिला पुलिस टीम ने बच्ची से पूछताछ के बाद उसके परिजनों को सूचित किया और चाइल्ड हेल्पलाइन को अवगत कराया। नियमानुसार बच्ची को सीडब्ल्यूसी (CWC) के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
सुरेश राठौर

0 Comments