अस्पताल परिसर में गंदगी देख भड़के नगर आयुक्त, जोनल स्वच्छता अधिकारी को मिली अंतिम चेतावनी
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
नगर निगम के नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बुधवार को ज़ोन-1 के अंतर्गत आने वाले घंटाघर, रेलवे स्टेशन, सामुदायिक शौचालय, शेल्टर होम और चाचा नेहरू अस्पताल सहित विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिली भारी अव्यवस्था और लापरवाही पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर आयुक्त ने जलकल विभाग के अधिशाषी अभियंता (एक्सियन) का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को चेतावनी दी है कि जनता की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस निरीक्षण के दौरान जोनल अधिकारी-1 विद्या सागर, जोनल अभियंता आलोक श्रीवास्तव, जलकल के अधिशाषी अभियंता राजकुमार और जोनल स्वच्छता अधिकारी अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।कोपरगंज स्थित चाचा नेहरू अस्पताल परिसर के भीतर का सीवर नाला पूरी तरह से चोक और ओवरफ्लो मिला। अस्पताल परिसर से लेकर रेलवे गोदाम तक नाला जगह-जगह पूरी तरह भरा हुआ था। जलकल विभाग द्वारा नाले की सफाई के दावों की पोल खुलते देख नगर आयुक्त ने गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने महाप्रबंधक जलकल को तत्काल प्रभाव से अधिशाषी अभियंता (जलकल) राजकुमार का 'जुलाई पेड अगस्त 2026' का वेतन रोकने के आदेश जारी किए। साथ ही दो दिनों के भीतर सुपर सकर मशीन से पूरे नाले को साफ करने की समयसीमा तय की है।
रेलवे गोदाम के समीप पीपीपी (PPP) मॉडल पर बन रहे नवनिर्मित शौचालय के निरीक्षण के दौरान जब नगर आयुक्त ने योजना की फाइल, कार्य पूरा होने की अवधि और पीपीपी मॉडल के आवंटन की तारीख से जुड़े सवाल पूछे, तो मौके पर मौजूद जोनल अभियंता और सहायक अभियंता कोई जवाब नहीं दे सके। इस घोर लापरवाही पर तीखा रोष व्यक्त करते हुए नगर आयुक्त ने जोनल अभियंता-1 को आज ही संबंधित पत्रावली का अध्ययन कर समस्त विवरण के साथ तलब किया है।रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के पास मेट्रो की ओर से डाली गई नई पाइपलाइन को मुख्य नाले से जोड़ दिया गया है, जिससे जलभराव की समस्या नहीं होगी। हालांकि, यात्रियों की भारी आवाजाही को देखते हुए नगर आयुक्त ने जलकल विभाग और नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिया कि वे आगामी वर्षा ऋतु के मद्देनजर इस महत्वपूर्ण स्थान पर निरंतर सतर्क दृष्टि बनाए रखें ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
घंटाघर चौराहे के पास स्मार्ट सिटी द्वारा निर्मित शेल्टर होम और रेलवे गोदाम के गेट के पास भारी मात्रा में कूड़ा और सीएंडडी वेस्ट (मलबा) बिखरा पाया गया। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि आज ही इस मलबे का उठान कर सफाई सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मलबे और कूड़े के उठान में कोई असामाजिक तत्व व्यवधान डालता है, तो उसके खिलाफ तुरंत एफआईआर (प्राथमिकी) दर्ज कराई जाए। अस्पताल परिसर में गंदगी और कबाड़ वाहन खड़े मिलने पर जोनल स्वच्छता अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई गई।अतिक्रमण पर प्रहार: घंटाघर चौराहे के चारों ओर नियमित रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने और दोबारा कब्जा करने वालों का सामान जब्त करने के निर्देश दिए गए हैं।लापरवाहों पर जुर्माना: शहर में गंदगी फैलाने और घरों के बाहर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ प्रतिदिन कम से कम 50 चालान करने की सख्त हिदायत सभी जोनल स्वच्छता अधिकारियों को दी गई है। साथ ही एक सप्ताह के भीतर न्यायालय में पैरवी कर जुर्माना वसूलने की कार्रवाई करने को कहा गया है।
सुरेश राठौर


0 Comments