नगर निगम बैठक: अब 3 दिन पार्षदों की सुनेंगे लाइनमैन, 3 दिन आईजीआरएस शिकायतों का होगा निपटारा
कानपुर में अतिक्रमणकारियों पर कसेगा शिकंजा, पार्षदों संग बैठक में तय हुआ एक्शन प्लान
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
महापौर एवं नगर आयुक्त की संयुक्त अध्यक्षता में बुधवार को नगर निगम मुख्यालय में जोन-3 के पार्षदों और विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। करीब दो घंटे चली इस बैठक में पार्षदों ने सफाई व्यवस्था में आ रही दिक्कतों, नालों की आधी-अधूरी सफाई, अतिक्रमण और खराब स्ट्रीट लाइटों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में वार्ड-92 के पार्षद अवधेश त्रिपाठी ने क्षेत्र में सफाई कर्मियों की भारी कमी और डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाले कर्मचारियों की लापरवाही का मुद्दा उठाया। इस पर नगर आयुक्त ने बताया कि शहर में सफाई व्यवस्था का जिम्मा संभाल रहीं कंपनियों का अनुबंध दो वर्ष पूर्व ही समाप्त हो चुका था। वर्तमान में नए वेंडरों की चयन प्रक्रिया जारी है। जोन-2 और 4 की निविदाएं खुल चुकी हैं, कागजी प्रक्रिया पूरी होते ही 2 से ढाई महीने में नए वेंडर कार्य संभाल लेंगे। इसके साथ ही अगले एक-दो महीने में सभी वार्डों में हाथ कूड़े गाड़ियों की किल्लत भी दूर कर दी जाएगी।
जोन-3 में मार्ग प्रकाश की लचर व्यवस्था और लाइनमैनों की मनमानी पर अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार ने स्पष्ट किया कि स्टोर में रखी करीब 5,000 खराब लाइटों की मरम्मत के लिए वेंडर तय कर दिया गया है। इन लाइटों को स्पेयर (बैकअप) में रखा जाएगा, ताकि कहीं भी लाइट खराब होते ही उसे तुरंत बदला जा सके। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि लाइनमैनों का रोस्टर बनाकर हफ्ते में 3 दिन आईजीआरएस और 3 दिन पार्षदों की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए।वार्ड-65 के पार्षद योगेंद्र शर्मा और वार्ड-18 की पार्षद आरती गौतम द्वारा अतिक्रमण की शिकायत करने पर महापौर ने मुख्य अभियंता (सिविल) सैयद फरीद अख्तर जैदी को सख्त निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि प्रत्येक जोन में अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष टीम का गठन किया जाए, जो सीधे महापौर के निर्देशन में कार्रवाई करेगी।नालों की सही सफाई न होने और जोनों से गलत सूचना भेजने के सवाल पर मुख्य अभियंता (सिविल) ने खुलासा किया कि नाला सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाले 15 निविदादाताओं (ठेकेदारों) को ब्लैकलिस्ट किया जा चुका है। नगर आयुक्त ने जोनों से गलत रिपोर्ट भेजने वाले जिम्मेदार कर्मियों की जांच कराकर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
बाकरगंज नाला धंसने की मरम्मत: वार्ड-36 में लगभग 25 फीट गहरे धंसे नाले की बैरिकेडिंग कर दी गई है, जल्द ही पानी निकालकर मरम्मत कार्य शुरू होगा।
ठेकों का कूड़ा नाले में डालने पर सख्ती: कर्रही बंबा रोड स्थित शराब ठेकों द्वारा नाले में कूड़ा फेंकने की शिकायत पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव, जोनल अधिकारी रवींद्र कुमार, जलकल जीएम आनंद कुमार त्रिपाठी, मुख्य अभियंता (सिविल) सैयद फरीद अख्तर जैदी, अधिशाषी अभियंता आर.के. तिवारी तथा पार्षद गिरीश बाजपेयी, अखिलेश बाजपेयी, योगेंद्र शर्मा, मो. मेराज, अमित जायसवाल, आरती गौतम, मधु यादव, मंजू पाल सहित कई पार्षद व अधिकारी उपस्थित रहे।
सुरेश राठौर



0 Comments