Hot Posts

6/recent/ticker-posts

गाजीपुर में रोजगार मेले की धूम: 654 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, खिले चेहरे

जंगीपुर विधानसभा में 25 से अधिक नामी कंपनियों ने लिया हिस्सा, 2000 से ज्यादा अभ्यर्थी पहुंचे


BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,गाजीपुर

 'उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन' के तहत शनिवार को जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र के सत्यदेव डिग्री कॉलेज (बोरसिया, फदनपुर) में जिला सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में एक वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 25 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जहां कुल 654 अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें नियुक्ति पत्र (ऑफर लेटर) सौंपे गए। इस अवसर पर 2000 से अधिक बेरोजगार युवाओं ने अपनी किस्मत आजमाई।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत प्रशासक श्रीमती सपना सिंह ने फीता काटकर व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और इसमें युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने ऐसे मेलों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया, ताकि ग्रामीण अंचल के युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ा जा सके।


मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आलोक प्रसाद ने युवाओं को संबोधित करते हुए कौशल विकास और प्रशिक्षण की अहमियत बताई। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने बताया कि सेवायोजन विभाग स्थानीय स्तर के साथ-साथ विदेशों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रहा है।

​सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के प्रबंध निदेशक प्रो. सानन्द सिंह ने कहा कि जनपद से बेरोजगारी दूर करने और युवाओं के सपनों को उड़ान देने के लिए कॉलेज प्रशासन सदैव ऐसे आयोजनों में पूरा सहयोग देता रहेगा।

​मेले में अशोक लीलैंड, एमआरएफ टायर्स, हिंडाल्को, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, पीएनबी मेटलाइफ और सेफएक्सप्रेस जैसी 25 से अधिक कंपनियों ने मशीन ऑपरेटर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्निशियन, ऑपरेशन असिस्टेंट और ट्रेनी सहित विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार लिए।

​इस दौरान काउंसलर दिग्विजय उपाध्याय, कॉलेज डायरेक्टर अमित रघुवंशी, प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार सिंह और उप प्राचार्य नवनीत वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों द्वारा चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

ब्यूरो चीफ रामप्रवेश राय 


Post a Comment

0 Comments