गाजीपुर पुलिस लाइन में धूमधाम से मनी गांधी जयंती: एसपी ने बापू व शास्त्री जी को दी श्रद्धांजलि, उत्कृष्ट सेवा पदक व कंबल वितरित
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,गाजीपुर
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपद भर में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा सहित जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने महात्मा गांधी के जीवन संघर्ष, उनके सत्य व अहिंसा के सिद्धांतों और स्वाधीनता आंदोलन में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बापू के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। इस दौरान उपस्थित पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, सत्य, अहिंसा और जनसेवा के मूल्यों को अपने दैनिक आचरण में आत्मसात करने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान एसपी डॉ. ईरज राजा ने सराहनीय कार्य के लिए निरीक्षक गीता राय को 'अति उत्कृष्ट सेवा पदक' से अलंकृत कर सम्मानित किया। इसके साथ ही सामाजिक सरोकार निभाते हुए चतुर्थ श्रेणी कर्मियों एवं सफाई कर्मचारियों को कंबल वितरित किए गए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अतुल सोनकर, क्षेत्राधिकारी लाइन, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रतिसार निरीक्षक (आरआई) समेत जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं भारी संख्या में कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
ब्यूरो चीफ राम प्रवेश राय


0 Comments