लापरवाही बर्दाश्त नहीं: एचबीटीयू से होगी सड़क निर्माण सामग्री की जांच, कोर कटर तकनीक से होगा थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
त्योहारों के मद्देनजर शहर की सड़कों को दुरुस्त करने और सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए प्रशासनिक अमला देर रात सड़कों पर उतरा। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने गोविंद नगर समेत विभिन्न इलाकों का औचक रात्रिकालीन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा।
जीवीपी प्वाइंट पर तैनात होगा कर्मचारी, लगेंगे व्यू कटर
निरीक्षण के दौरान गोविंद नगर पुराने पुल के पास कच्ची बस्ती स्थित गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट (जीवीपी) का जायजा लिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि मालिन बस्ती से रोजाना करीब दो वाहनों के जरिए लगभग दो मीट्रिक टन कूड़ा यहां डाला जाता है। इस पर डीएम ने स्थल की नियमित निगरानी के लिए एक कर्मचारी की स्थायी तैनाती करने, मौके पर पड़ी पुरानी हैंडकार्ट को तत्काल हटाने और बस्ती की ओर कूड़ा न दिखे इसके लिए व्यू कटर लगाने के निर्देश दिए।
एचबीटीयू करेगा सड़क निर्माण सामग्री की जांच
इसके बाद अधिकारियों ने नटराज सिनेमा के आगे फल मंडी के पास चल रहे सड़क निर्माण कार्य की स्थिति परखी। अधिशासी अभियंता ने बताया कि व्यस्त बाजार होने के कारण यातायात का दबाव घटने पर देर रात काम शुरू कराया जाता है। 3 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर कुल 7 पैच (प्रत्येक 10 मीटर) की मरम्मत प्रस्तावित है।जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में इस्तेमाल हो रही सभी सामग्रियों के नमूने एकत्र कर एचबीटीयू (HBTU) से गुणवत्ता की जांच कराई जाए। अधिशासी अभियंता ने आश्वस्त किया कि कोर कटर तकनीक से थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन कराया जाएगा।
अक्टूबर अंत तक पूरे होंगे पैचवर्क, नाइट स्वीपिंग पर जोर
व्यस्त बाजार क्षेत्र को देखते हुए डीएम ने रात्रिकालीन सफाई (नाइट स्वीपिंग) को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, ताकि सुबह नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। अधिशासी अभियंता ने बताया कि जोन के सभी चिन्हित मार्गों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य अक्टूबर माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। डीएम ने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर सफाई एवं मरम्मत कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरे किए जाएं।
सुरेश राठौर




0 Comments