सभासदों ने लगाया ट्रस्ट बनाकर निजी लाभ लेने का आरोप, चेयरमैन बोले— विकास कार्यों से बौखलाए विरोधी रच रहे साजिश
दोनों पक्षों ने एसडीएम व सीओ को सौंपा पत्र, प्रशासन के निर्णय पर टिकी नजरें
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,जमानियां गाजीपुर
जमानियां नगर पालिका परिषद में चेयरमैन और सभासदों के बीच चल रही सियासी रार अब तहसील गेट स्थित ऐतिहासिक रामलीला मंच पर अधिकार को लेकर खुलकर सामने आ गई है। विवाद गहराने पर मंगलवार को चेयरमैन जयप्रकाश गुप्ता के समर्थन में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा और समर्थकों ने कोतवाली तक पैदल मार्च कर परिसर को घेर लिया।
. चेयर मैन जय प्रकाश गुप्ताविवाद की शुरुआत तहसील गेट के सामने स्थित रामलीला मंच को लेकर हुई है। विरोध कर रहे सभासदों का आरोप है कि दशकों पुरानी पारंपरिक रामलीला समिति को दरकिनार कर नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने इसे ट्रस्ट का रूप दे दिया और निजी स्वार्थ साधने का प्रयास कर रहे हैं। सभासदों का कहना है कि नवरात्रि में होने वाली ऐतिहासिक रामलीला का आयोजन पारंपरिक समिति द्वारा ही कराया जाना चाहिए। इस मांग को लेकर सभासद पूर्व में भी विरोध-प्रदर्शन कर चुके हैं।
. नारायण दास चौरसिया
वहीं, आरोपों पर पलटवार करते हुए पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने कहा कि वे विगत कई वर्षों से रामलीला समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष के रूप में विधिवत रामलीला का सफल आयोजन कराते आ रहे हैं। उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों को नगर का विकास रास नहीं आ रहा है, इसलिए वे लगातार षड्यंत्र रचकर उनकी छवि धूमिल करने में लगे हैं।
चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि आयोजन की अनुमति के लिए दोनों पक्षों की ओर से एसडीएम और क्षेत्राधिकारी (सीओ) को प्रार्थना पत्र दिया गया है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि प्रशासन ने किसी दबाव में आकर अनुचित निर्णय लिया तो वे अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। गुप्ता ने कहा कि कोतवाली पहुंचे लोग उनके समर्थन में स्वतः जुटे थे और यदि आवश्यकता पड़ी तो वे लाखों समर्थकों के साथ धरने पर बैठने से भी पीछे नहीं हटेंगे। फिलहाल, दोनों पक्षों की तनातनी के बीच प्रशासन के अगले कदम पर पूरे नगर की निगाहें टिकी हुई हैं।
ब्यूरो चीफ रामप्रवेश राय

0 Comments