आरपीएफ की सतर्कता: प्रताप एक्सप्रेस से 14 वर्षीय किशोरी को सकुशल उतारा, जयपुर में दर्ज थी गुमशुदगी
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कानपुर सेंट्रल ने ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से बिना बताए निकली एक 14 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल रेस्क्यू किया है। आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किशोरी को राजस्थान पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रयागराज मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से मिली सूचना के आधार पर आरपीएफ पोस्ट कानपुर सेंट्रल की टीम ने 22 अक्टूबर की शाम प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर पहुंची ट्रेन संख्या 12495 (प्रताप एक्सप्रेस) के सामान्य कोचों में जांच अभियान चलाया। उप निरीक्षक हिमांशु शर्मा व टीम ने इंजन की तरफ से दूसरे सामान्य डिब्बे से बुर्का पहने बैठी एक किशोरी को सुरक्षित उतारा।
पूछताछ में उसने अपना नाम अक्षा खातून उर्फ जोया खातून निवासी भट्टा बस्ती, जयपुर (राजस्थान) बताया। उसके पास से एक ट्रॉली बैग, मोबाइल फोन और 1,300 रुपये नकद बरामद हुए। परिजनों से संपर्क करने पर पता चला कि वह बिना बताए घर से निकली थी और जयपुर के भट्टा बस्ती थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज थी।
आरपीएफ ने किशोरी को महिला स्टाफ की निगरानी में सुरक्षित रखा। सूचना पर पहुंचे परिजनों की मौजूदगी में शुक्रवार को जयपुर के भट्टा बस्ती थाने से आए हेड कांस्टेबल हरनाथ सिंह को एएसआई सुनीता ने विधिक सत्यापन के बाद बालिका को सकुशल सौंप दिया।
सुरेश राठौर

0 Comments