Hot Posts

6/recent/ticker-posts

सेवा संकल्प अभियान: गाजीपुर की सड़कों पर उतरी भाजपा, निकाला भव्य मशाल जुलूस

गाजीपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकाला भव्य मशाल जुलूस

जलती मशालों के साथ कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार, लंका से विकास भवन तक उमड़ा जनसैलाब

BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,​गाजीपुर 

भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को जनपद में भव्य मशाल जुलूस निकाला गया। इस दौरान जिले के विभिन्न मंडलों से जुटे सैकड़ों पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लंका मैदान से विकास भवन तक पदयात्रा कर संगठन की मजबूती और सेवा संकल्प का संदेश दिया।


कार्यक्रम की शुरुआत लंका मैदान प्रांगण में हुई, जहां कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रेरणादायी उद्बोधनों का वर्चुअल प्रसारण सुना। इसके बाद मुख्य अतिथि एवं भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी विजय राजभर के नेतृत्व में हाथों में जलती मशालें और पार्टी के झंडे लेकर कार्यकर्ता निकले। गगनभेदी नारों के साथ यह जुलूस लंका मैदान से शुरू होकर गोराबाजार होते हुए विकास भवन पहुंचा, जहां एक सभा के रूप में इसका विधिवत समापन हुआ।


जुलूस में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के पुत्र अभिनव सिन्हा, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता तथा मंडल अध्यक्ष राजीव चतुर्वेदी ‘पप्पू’ प्रमुख रूप से शामिल रहे। वक्ताओं ने कहा कि यह अभियान समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी के सेवा भाव को पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम में जनपद भर के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल स्तर के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ब्यूरो चीफ रामप्रवेश राय 

Post a Comment

0 Comments