भू-माफियाओं का तांडव, घर में घुसकर मारपीट और दुकानों पर जड़ा ताला, पुलिस पर मिलीभगत का आरोप
BBC CRIME TVउत्तरप्रदेश, कानपुर नगर
शहर के साढ़ थाना क्षेत्र में भू-माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे रात के अंधेरे में घर में घुसकर मारपीट करने और संपत्ति पर कब्जा करने से भी नहीं चूक रहे हैं। आईरा प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान ग्राम बिरहर निवासी पीड़ित शैलेंद्र यादव ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। शैलेंद्र का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2024 में केवटरा निवासी छिद्दी देवी से 4 लाख 30 हजार रुपये में एक मकान और तीन दुकानें खरीदी थीं, जिसके सभी वैध दस्तावेज उनके पास हैं और वह पिछले दो वर्षों से वहां काबिज भी थे, लेकिन दबंगों ने अब उन्हें बेदखल कर दिया है।
पीड़ित शैलेंद्र यादव ने घटना का ब्यौरा देते हुए बताया कि बीते 3 दिसंबर 2025 की रात करीब 11:20 बजे एइमनपुर गांव के बबलू यादव, पिंटू यादव, बंटू और अंकुर समेत करीब डेढ़ दर्जन अज्ञात लोग जबरन उनके घर में घुस आए। आरोप है कि इन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। दबंगई की हद तब पार हो गई जब हमलावरों ने उनकी बिल्डिंग मटेरियल की दुकान सहित तीनों किराए की दुकानों पर अपने ताले डालकर जबरन कब्जा कर लिया।
घटना के तत्काल बाद पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची जरूर, लेकिन रात में दोनों पक्षों को हटाकर सुबह थाने आने की बात कहकर चली गई। शैलेंद्र यादव का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी साढ़ थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है, जिससे यह आशंका है कि पुलिस की मिलीभगत से ही भू-माफियाओं को संरक्षण मिल रहा है। स्थानीय थाने से हताश होकर पीड़ित ने अब कानपुर पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि भू-माफियाओं के चंगुल से उनका मकान मुक्त कराकर उन्हें वापस दिलाया जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
सुरेश राठौर

0 Comments