BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर/प्रयागराज
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने यात्री सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में मंडल के 10 प्रमुख स्टेशनों पर कुल 124 मोबाइल चार्जिंग कियोस्क स्थापित करने का अनुबंध किया गया है। इस सुविधा के शुरू होने से अब यात्रियों को सफर के दौरान मोबाइल डिस्चार्ज होने की समस्या से निजात मिलेगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हरिमोहन के मार्गदर्शन में तैयार की गई इस योजना के तहत कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज जंक्शन, गोविंदपुरी, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, सूबेदारगंज, फतेहपुर, इटावा, टूंडला और अलीगढ़ रेलवे स्टेशनों को शामिल किया गया है। इन स्टेशनों पर डिजिटल और बैकलिट विज्ञापनों से लैस अत्याधुनिक चार्जिंग कियोस्क लगाए जाएंगे। पांच वर्षों के लिए किए गए इस अनुबंध के तहत रेलवे को सालाना 23.50 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होगा, जो पांच साल की अवधि में कुल 1.25 करोड़ रुपये तक पहुंचेगा।
रेल प्रशासन के अनुसार यह अनुबंध 13 मार्च 2026 से प्रभावी होगा। इन कियोस्कों के माध्यम से न केवल यात्रियों को मोबाइल चार्जिंग की सुलभ सुविधा मिलेगी, बल्कि डिजिटल विज्ञापनों से स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण भी होगा। अधिकारियों ने बताया कि गैर-किराया राजस्व (Non-Fare Revenue) को बढ़ावा देने और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए संबंधित विभागों को इस परियोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
सुरेश राठौर

0 Comments