असाव गांव में मातम: नहाने के दौरान हुआ हादसा, बीए का छात्र था मृतक विकास
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,गाजीपुर
जनपद के नगसर हॉल्ट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा असाव में शुक्रवार को एक हृदय विदारक घटना घटी। घर में लगे हैंडपंप में उतरे बिजली के करंट की चपेट में आने से भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष पवन कुमार गौड़ के इकलौते पुत्र विकास कुमार (20) की मौके पर ही मौत हो गई। होनहार बेटे की असमय मृत्यु की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
नहाने गया था विकास, काल बन गया हैंडपंप
परिजनों के अनुसार, विकास कुमार सुबह घर के आंगन में लगे हैंडपंप पर स्नान करने गया था। जैसे ही उसने पाइप चलाने के लिए हाथ लगाया, उसमें पहले से ही उतर रहे हाई वोल्टेज करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। करंट इतना जोरदार था कि विकास को संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजनों ने जब तक उसे अलग किया, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
माता-पिता का सहारा और गांव का लाड़ला था विकास
विकास बीए प्रथम वर्ष का छात्र था और पढ़ाई में बेहद तेज-तर्रार होने के साथ-साथ मिलनसार स्वभाव का था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था (एक भाई, एक बहन में बड़ा)। उसकी मौत से परिवार का चिराग बुझ गया है, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि विकास न केवल परिवार का गर्व था, बल्कि पूरे गांव में सबका सम्मान करता था।
अंतिम संस्कार में उमड़ा जनसैलाब
मृतक का अंतिम संस्कार जमानियां स्थित श्मशान घाट पर किया गया, जहां पिता पवन कुमार गौड़ ने भारी मन से अपने लाड़ले को मुखाग्नि दी। इस दुखद घड़ी में ढांढस बंधाने के लिए पूर्व विधायक सुनीता सिंह, मंडल अध्यक्ष राजीव चतुर्वेदी, पप्पू कुशवाहा, रंजीत कुमार राजभर, काशीनाथ तिवारी सहित भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, पूर्व सैन्य अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
जिला संवाददाता राम प्रवेश राय की रिपोर्ट

0 Comments