Hot Posts

6/recent/ticker-posts

​"छेड़खानी के आरोप और 5 लाख की 'रंगदारी' के बीच BSF अभ्यर्थी ने की खुदकुशी, गाजीपुर में तनाव"

 गाजीपुर: दुष्कर्म के प्रयास के आरोप और 5 लाख की 'रंगदारी' के बीच युवक ने की खुदकुशी

BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,​नगसर हॉल्ट,गाजीपुर

जनपद के नगसर हॉल्ट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा गगरन में एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक 12 वर्षीय बालिका के साथ कथित अश्लील हरकत के आरोप और उसके बाद पुलिसिया कार्रवाई के खौफ के बीच आरोपी युवक गुलशन गुप्ता ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।


खेत में किशोरी से बदसलूकी का आरोप

​प्राप्त विवरण के अनुसार, गगरन निवासी मनोज पासवान की 12 वर्षीय पुत्री, जो कक्षा 4 की छात्रा है, के साथ गांव के ही गुलशन गुप्ता पर गेहूं के खेत में अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि बालिका की चीख सुनकर एक अज्ञात बाइक सवार वहां पहुंचा, जिसे देख आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने घर पहुँचकर अपनी माता को आपबीती सुनाई, जिसके बाद पिता मनोज पासवान ने यूपी 112 को सूचना दी।


​BSF में होने वाली थी जॉइनिंग, परिजनों ने बताया 'हनीट्रैप'

​मामले में दूसरा पक्ष बेहद चौंकाने वाला है। सूत्रों और परिजनों के अनुसार, मृतक गुलशन गुप्ता एक होनहार युवक था और वह BSF (सीमा सुरक्षा बल) की तैयारी कर रहा था। जल्द ही उसकी जॉइनिंग भी होने वाली थी। गुलशन के परिजनों का आरोप है कि मनोज पासवान और उसका परिवार निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूलने का पेशा करता है। आरोप है कि इस मामले को रफा-दफा करने के लिए गुलशन से 5 लाख रुपये की मांग की गई थी।


​असाव गांव में मिला शव, पुलिस पर उठे सवाल

​परिजनों का कहना है कि पुलिस के खौफ और झूठे केस में करियर बर्बाद होने के डर से गुलशन अपने एक रिश्तेदार के यहाँ ग्राम सभा असाव चला गया था। जहाँ उसने मानसिक तनाव में आकर फांसी लगा ली। सुबह शव मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि गुलशन की मौत के पीछे पुलिस की प्रताड़ना भी एक कारण है।


​वर्जन

​"गुलशन का आपराधिक इतिहास पहले से ही संदिग्ध रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और अग्रिम कार्रवाई की दिशा तय की जाएगी।"

— थाना प्रभारी (नगसर हॉल्ट)

​रिपोर्ट: राम प्रवेश राय, जिला संवाददाता (गाजीपुर)


Post a Comment

0 Comments