ट्रेन यात्रा के दौरान महिला को उठा लेबर पेन, RPF कर्मियों ने प्लेटफॉर्म पर कराई डिलीवरी; जच्चा-बच्चा सुरक्षित
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के 'ऑपरेशन मातृशक्ति' के तहत शुक्रवार (24 जुलाई) को कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर सुरक्षा कर्मियों और मेडिकल टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। ट्रेन यात्रा के दौरान महिला को अचानक प्रसव पीड़ा (लेबर पेन) शुरू हो गई थी। RPF की महिला अधिकारियों और मेडिकल स्टाफ की सूझबूझ से महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12488 (सीमांचल एक्सप्रेस) में आनंद विहार टर्मिनल से कटिहार की यात्रा कर रही बिहार के सहरसा निवासी चंदा खातून को कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 6 स्थित सुरंग के पास अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी।ड्यूटी पर तैनात RPF हेड कांस्टेबल रणजीत सिंह ने तत्काल इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही ASI सुनीता, मधुराज क्लीनिक के डॉ. विवेक और नर्स कौशिकी की टीम मौके पर पहुँची।
कपड़ों की ओट से बनाया पर्दा: महिला की गरिमा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए सुरक्षाकर्मियों और स्टाफ ने चारों तरफ कपड़ों की ओट (पर्दा) की व्यवस्था की, जिसके बाद महिला ने एक स्वस्थ शिशु (पुत्र) को जन्म दिया।क्लीनिक और अस्पताल शिफ्टिंग: प्रसव के तुरंत बाद नवजात और प्रसूता को बैटरी रिक्शा की मदद से प्राथमिक उपचार के लिए स्टेशन स्थित मधुराज क्लीनिक ले जाया गया।
उर्सला अस्पताल रेफर: प्राथमिक चिकित्सीय परीक्षण में जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ पाए गए। इसके बाद डॉक्टर की सलाह पर महिला को उसके ससुर मो. पिंटू की मौजूदगी में 108 एम्बुलेंस के जरिए अग्रिम उपचार के लिए उर्सला अस्पताल भेज दिया गया।रेल यात्रियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने RPF की त्वरित कार्रवाई, मानवीय संवेदना और 'ऑपरेशन मातृशक्ति' के तहत किए गए इस कार्य की जमकर सराहना की है। समय पर मिली चिकित्सीय सहायता से एक बड़ा जोखिम टल गया।
सुरेश राठौर


0 Comments