बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाने की फिराक में थे तस्कर, कानपुर सेंट्रल पर चढ़े हत्थे
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में तस्करी व अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी और आरपीएफ कानपुर सेंट्रल की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। चेकिंग के दौरान टीम ने प्लेटफॉर्म से दो शातिर शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार, जीआरपी और आरपीएफ की टीम कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर संदिग्धों की धरपकड़ के लिए सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान दो युवकों को भारी सामान के साथ संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा गया। पुलिस टीम को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। उनके पास मौजूद बैग व सामान की तलाशी लेने पर विभिन्न नामी ब्रांडों की अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुईं, जिनकी कुल बाजार कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे इस अवैध शराब को रेल मार्ग के जरिए बिहार ले जाने की फिराक में थे, जहां शराबबंदी के कारण इसे ऊंचे दामों पर बेचा जाना था।
जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसर को अपराधमुक्त बनाने के लिए यह संयुक्त चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
सुरेश राठौर

0 Comments