BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश, गाजीपुर
: जनपद में अपराध और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगसर हाल्ट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 13 हजार रुपये बताई जा रही है।सोमवार (15 दिसंबर) को नगसर हाल्ट थानाध्यक्ष ओमप्रकाश अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि अवैध शराब की एक खेप ले जाई जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने सूर्यभानपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी की।
चेकिंग के दौरान वहां से गुजर रहे एक वाहन (नंबर UP 54 T 9719) को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 37 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (ब्रांड: 8 PM) बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 319.68 लीटर है।पुलिस ने मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
उसकी पहचान शमशाद अंसारी (पुत्र शेर मोहम्मद अंसारी), निवासी ग्राम अरारूआ, थाना करगहा, जिला रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि यह शराब संभवतः बिहार खपाने के लिए ले जाई जा रही थी, जहां शराबबंदी लागू है।गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ थाना नगसर हाल्ट में आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा अपराध संख्या 67/2025 दर्ज किया गया है और उसे जेल भेजने की कार्यवाही की जा रही है।
जिला संवाददाता रामप्रवेश राय की रिपोर्ट

0 Comments