आईरा प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार, ससुरालियों पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
विवाह के प्रमाण मौजूद, फिर भी अपनों ने नकारा; पीड़िता ने लगाई प्रशासन से न्याय की गुहार
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
आईरा प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान शुक्लागंज निवासी नाजनीन ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की मांग की है। पीड़िता का आरोप है कि प्यार के जाल में फंसाकर पहले उनका धर्म परिवर्तन कराया गया और अब पति उन्हें अपनाने से इनकार कर रहा है।
नाजनीन ने बताया कि वर्ष 2017-18 में गया प्रसाद लेन स्थित एक ट्रेड सेंटर में काम करने के दौरान दुकान मालिक के पुत्र राहुल छाबड़ा से उनकी मुलाकात हुई थी। राहुल ने उनके सामने प्रेम प्रस्ताव रखा। मुस्लिम होने के कारण पहले उन्होंने मना किया, लेकिन राहुल के जिद करने पर 6 मार्च 2018 को आर्य समाज मंदिर और फिर कोर्ट मैरिज के माध्यम से दोनों का विवाह संपन्न हुआ। विवाह के बाद नाजनीन का नाम बदलकर 'काव्या छाबड़ा' रख दिया गया।
"कहाँ जाऊं मैं?"—पति के इनकार के बाद इंसाफ के लिए आईरा प्रेस क्लब पहुंची बेबस नाजनीन
पीड़िता के अनुसार, विवाह के बाद वह रतनलाल नगर स्थित आवास पर रहने लगीं। शुरुआत में सास और ननद का सहयोग मिला, लेकिन परिवार के अन्य सदस्य उनके धर्म को लेकर प्रताड़ित करते थे। वर्ष 2021 में कोरोना काल के दौरान सास के निधन के बाद प्रताड़ना बढ़ गई और उनके जेवर व कीमती सामान छीन लिए गए।
नाजनीन ने आरोप लगाया कि जुलाई 2024 में उन्हें अचानक फोन पर सूचना दी गई कि उन्हें तलाक दे दिया गया है और राहुल दूसरी शादी करने जा रहा है। मकान का किराया न भरने के कारण उन्हें बेघर होना पड़ा। वर्तमान में मामला न्यायालय में है, जहां राहुल छाबड़ा ने नाजनीन के साथ किसी भी तरह के संबंध होने से साफ इनकार कर दिया है।
प्रेस वार्ता के दौरान भावुक होते हुए नाजनीन ने कहा, "मेरे पास विवाह और साथ रहने के तमाम पुख्ता सबूत मौजूद हैं। या तो मुझे मेरे पति के साथ रहने का हक दिया जाए, या मेरी जिंदगी बर्बाद करने वालों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।" उन्होंने इस मामले में पुलिस प्रशासन और न्यायालय से जल्द हस्तक्षेप की अपील की है।
सुरेश राठौर

0 Comments