दरोगा भर्ती परीक्षा की शुरुआत : सुरक्षा के बीच कानपुर में उमड़ा परीक्षार्थियों का सैलाब
BBC CRIME TV उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा आयोजित उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा शनिवार से जिले के विभिन्न केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई। 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली इस महा-परीक्षा को लेकर प्रशासन ने 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई है। कानपुर सेंट्रल और प्रमुख बस अड्डों पर उमड़ी परीक्षार्थियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन और रेलवे ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाल लिया है।
परीक्षा के मद्देनजर कानपुर सेंट्रल स्टेशन को सुरक्षा छावनी में तब्दील कर दिया गया है। प्लेटफार्म से लेकर सर्कुलेटिंग एरिया तक जीआरपी (GRP) और आरपीएफ (RPF) के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में भी सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। परीक्षार्थियों के सुगम आवागमन के लिए रेलवे प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए एक विशेष ट्रेन का संचालन शुरू किया है। यदि रविवार को अभ्यर्थियों की संख्या में और इजाफा होता है, तो रेलवे प्रशासन अतिरिक्त ट्रेनों के फेरे बढ़ाने पर भी विचार कर रहा है। स्टेशन परिसर में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जहां से लगातार उद्घोषणा (अनाउंसमेंट) के जरिए परीक्षार्थियों को केंद्रों और ट्रेनों की जानकारी दी जा रही है।
शनिवार सुबह से ही रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाल रखा है। अधिकारियों का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी अभ्यर्थी को यात्रा या केंद्र तक पहुँचने में बाधा न आए। भारी भीड़ के बावजूद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।
सुरेश राठौर



0 Comments