धूम्रपान और बिना टिकट यात्रा पर लगाम, कानपुर सेंट्रल पर 1289 यात्रियों का कटा चालान
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर एक बड़ा अभियान चलाकर हड़कंप मचा दिया। मंडल रेल प्रबंधक (DRM) रजनीश अग्रवाल के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष टिकट चेकिंग अभियान में कुल 1289 यात्रियों को नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया, जिनसे मौके पर ही 5,17,620 रुपये का जुर्माना वसूला गया।उप मुख्य यातायात प्रबंधक (कानपुर) अकांशु गोविल के नेतृत्व में यह अभियान 9 मई से 13 मई तक चलाया गया। इस दौरान स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्मों और आने-जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में सघन जांच की गई। रेलवे के इस कड़े रुख से बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
अभियान के दौरान रेलवे की टीम ने बिना टिकट यात्री: कुल 310 लोग बिना किसी टिकट के सफर करते पाए गए, जिनसे 2,22,680 रुपये जुर्माना लिया गया।अनियमित यात्रा: जनरल टिकट पर स्लीपर में चढ़ने या गलत श्रेणी में यात्रा करने वाले 489 यात्रियों से 2,45,740 रुपये वसूले गए।गंदगी और धूम्रपान: स्टेशन परिसर को गंदा करने और सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करने वाले 490 लोगों पर कार्रवाई करते हुए 49,200 रुपये का दंड लगाया गया।
जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल राजस्व की वसूली करना नहीं, बल्कि यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि रेल परिसर में अनुशासन बनाए रखने और गंदगी फैलाने वालों को रोकने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।
रेलवे की अपील: रेल प्रशासन ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे सदैव वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग दें। कूड़ा हमेशा कूड़ेदान में ही डालें और किसी भी अनियमितता की शिकायत तत्काल रेल अधिकारियों से करें।
सुरेश राठौर


0 Comments