Hot Posts

6/recent/ticker-posts

लक्ष्मीपुरवा में धंसा डाॅट नाला, छह परिवारों को घर खाली कर शेल्टर होम जाने का अल्टीमेटम

नगर आयुक्त के ताबड़तोड़ निरीक्षण से हड़कंप, लापरवाही पर दो बड़े अफसरों को नोटिस

BBC CRIME TV 

उत्तरप्रदेश,​कानपुर नगर 

मानसून की दस्तक से पहले शहर को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शुक्रवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने लाव-लश्कर के साथ शहर के विभिन्न जोनों में नाला सफाई और गलीपिट व्यवस्था का ताबड़तोड़ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां कार्य में भारी लापरवाही मिलने पर नगर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए जोन-5 के जोनल अभियन्ता और जोनल स्वच्छता अधिकारी को 'कारण बताओ नोटिस' जारी करने के निर्देश दिए, वहीं लक्ष्मीपुरवा में एक बेहद संवेदनशील मामले में धंसे हुए नाले के ऊपर बने मकानों को तत्काल खाली कराने का अल्टीमेटम दिया।


​बैंक ऑफ बड़ौदा चौराहा (फजलगंज) से गडरियन पुरवा की ओर निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त को बदइंतजामी का सामना करना पड़ा। नाले पर न सिर्फ भारी अतिक्रमण मिला, बल्कि निकाली गई सिल्ट भी सड़क पर ही पड़ी पाई गई। नाले का पानी थमा होने से साफ था कि तलीझार सफाई नहीं हुई है। स्वास्थ्य और अभियंत्रण विभाग में आपसी तालमेल की कमी पर गहरी नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने जोनल अभियन्ता-5 और जोनल स्वच्छता अधिकारी-5 के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया। उन्होंने 16 जून तक हर हाल में तलीझार सफाई और सिल्ट उठान सुनिश्चित करने की डेडलाइन तय की है।


जोन-1 के वार्ड-01 स्थित लक्ष्मीपुरवा खलवा में एक बड़ा खतरा सामने आया है। शक्कर मिल खलवा (भवन संख्या 85/65) के नीचे से गुजर रहा डाॅट नाला अचानक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नगर आयुक्त ने क्षेत्रीय निवासी नीलम, कमला,बाबा , विकास, बाला और अर्चना को परिवार सहित तुरंत भवन खाली करने का नोटिस थमाया है। इन परिवारों को नगर निगम के चाचा नेहरू और डिप्टी पड़ाव शेल्टर होम में शिफ्ट होने को कहा गया है। धर्मकांटे की दीवार तोड़कर पोकलैंड मशीन अंदर ले जाकर नाले की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर शुरू करने का निर्देश दिया गया है।​अमर जवान चौक के पास मंदिर के बगल में एक ढहे हुए मकान का सीएण्डडी वेस्ट (मलबे) सड़क पर फैला मिलने पर नगर आयुक्त ने भवन स्वामी पर ₹20,000 का यूजर चार्ज (जुर्माना) ठोकते हुए मलबे को तत्काल पनकी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट भेजने का आदेश दिया। वहीं चौक पर ही एक चैंबर से भारी मात्रा में ओवरफ्लो हो रहे पानी को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। जलकल जीएम ने बताया कि कारगिल पार्क की झील का वाटर लेवल बढ़ने से ऐसा हो रहा है, जिस पर नगर आयुक्त ने पानी की बर्बादी रोकने के लिए इसका स्थायी समाधान निकालने की हिदायत दी।


​जलभराव रोकने के लिए अन्य महत्वपूर्ण निर्देश:

​एक टैंकर पानी डालकर होगा टेस्ट: मोतीझील केीडीए गेट के पास साफ हुई गलीपिट की कार्यकुशलता जांचने के लिए नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि सफाई के बाद इसमें एक टैंकर पानी डालकर 'फ्लो टेस्ट' किया जाए कि जल निकासी सुगम है या नहीं।

​तैनात होंगे कर्मचारी: मोतीझील और अमर जवान चौक की गलीपिट्स पर बरसात के दौरान विशेष रूप से कर्मचारी तैनात रहेंगे, ताकि तैरता हुआ कचरा (फ्लोटिंग वेस्ट) गलीपिट के अंदर जाकर उसे चोक न कर सके।

​चावला मार्केट में नई तकनीक से काम: चावला मार्केट चौराहे पर हर साल होने वाले जलभराव को खत्म करने के लिए गोविंद नगर मार्केट और नंदलाल चौराहे की ओर ट्रेंचलेस (बिना सड़क खोदे) तकनीक से तत्काल नई पाइपलाइन डालने के निर्देश दिए गए हैं।

​रफाका नाले पर लगेगी ट्रैश मशीन: विजय नगर फायर ब्रिगेड के सामने रफाका नाले में तैरते कचरे को रोकने के लिए आगे पुलिया पर तत्काल ट्रैश मशीन लगाने को कहा गया है।

​निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियन्ता जैदी, महाप्रबन्धक (जलकल) आनन्द कुमार त्रिपाठी, जोनल अभियन्ता आलोक व कमलेश पटेल, मीनाक्षी अग्रवाल, फहीम, अवनीश यादव और अमित कुमार सहित जलकल व नगर निगम के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।


सुरेश राठौर 

Post a Comment

0 Comments