प्रयागराज मंडल में 'क्लाइमेट चेंज' थीम पर 5 जून तक चलेंगे विशेष कार्यक्रम
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर /प्रयागराज
प्रयागराज मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार से विशेष जागरूकता अभियान का आगाज किया गया। मण्डल रेल प्रबन्धक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में शुरू हुआ यह अभियान आगामी 5 जून तक चलेगा। इस वर्ष अभियान की मुख्य थीम 'क्लाइमेट चेंज' (जलवायु परिवर्तन) रखी गई है।
अभियान के पहले दिन कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर उत्साहजनक माहौल दिखा। उप मुख्य यातायात प्रबंधक अकांशु गोविल के नेतृत्व में रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। शपथ के माध्यम से दैनिक जीवन में पर्यावरण हितैषी बदलाव लाने और समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया गया। इसके बाद स्टेशन परिसर में एक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें यात्रियों से सिंगल यूज प्लास्टिक का त्याग करने की अपील की गई।
इससे पूर्व, प्रयागराज स्थित मंडल कार्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने कर्मियों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) धनंजय कुमार सिंह और वरिष्ठ मंडल पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबंधक विक्रम सिंह कोली सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मिशन लाइफ पर जोर: 'मिशन लाइफ' के तहत डिजिटल माध्यमों, पोस्टरों और बैनरों से सतत जीवनशैली का संदेश दिया जाएगा।प्लास्टिक मुक्त परिसर: स्टेशनों और रेल कॉलोनियों को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने का लक्ष्य।विविध गतिविधियाँ: 21 दिनों तक चलने वाले इस अभियान में वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नुक्कड़ नाटक और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
समापन समारोह: 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर स्काउट्स-गाइड्स, एनसीसी और सामाजिक संगठनों के सहयोग से भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे पर्यावरण को बचाने के लिए डिजिटल टिकटिंग को प्राथमिकता दें और रेल परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
सुरेश राठौर
0 Comments