कानपुर पुलिस का सराहनीय कार्य: 101 परिवारों के चेहरों पर लौटाई मुस्कान, सौंपे खोए हुए मोबाइल
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश, कानपुर नगर
साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आम जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए चलाई जा रही मुहिम के तहत साइबर सेल (पश्चिम जोन) एवं विभिन्न थानों की साइबर हेल्प डेस्क टीमों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अथक प्रयासों और आधुनिक तकनीक के समन्वय से विभिन्न स्थानों से गुम हुए कुल 101 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद किए गए इन मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस उपायुक्त की मौजूदगी में इन सभी मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जनसुनवाई, साइबर हेल्प डेस्क तथा अन्य माध्यमों से लगातार मोबाइल गुमशुदगी की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल पश्चिम जोन की टीम ने केंद्र सरकार के 'संचार साथी' (CEIR) पोर्टल की मदद ली। तकनीकी विश्लेषण और सर्विलांस टीम के अथक प्रयासों के बाद टीम ने एक-एक कर कुल 101 मोबाइल फोन ट्रैक कर बरामद कर लिए। बरामद फोन में कई ऐसे मोबाइल भी शामिल हैं जो लंबे समय से लापता थे, जिनमें से एक मोबाइल वर्ष 2023 से गुम था।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बरामद किए गए मोबाइल फोन विभिन्न क्षेत्रों और अलग-अलग व्यक्तियों के पास से मिले हैं। अब पुलिस इस बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है कि ये मोबाइल फोन संबंधित व्यक्तियों तक किस माध्यम से पहुंचे।"यदि जांच के दौरान किसी भी स्तर पर मोबाइल चोरी करने, खरीदने या अन्य किसी भी प्रकार के आपराधिक कृत्य का तथ्य प्रकाश में आता है, तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।"
वर्षों और महीनों से खोए हुए मोबाइल फोन जब उनके वास्तविक मालिकों को वापस मिले, तो उनके चेहरों पर खुशी साफ देखी जा सकती थी। मोबाइल स्वामियों ने पुलिस कमिश्नरेट और साइबर सेल की इस कार्यप्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा की और टीम का सहृदय आभार व्यक्त किया।
सुरेश राठौर



0 Comments