15 जुलाई तक सिविल और इंटीरियर कार्य हर हाल में पूरे करने के निर्देश
BBC CRIME TV
उत्तरप्रदेश,कानपुर नगर
मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना (CM-VNY) और कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अंतर्गत फूलबाग स्थित ऐतिहासिक गांधी भवन (किंग एडवर्ड मेमोरियल हॉल) में अत्याधुनिक ई-डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण तेजी से चल रहा है। मंगलवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने साफ तौर पर निर्देश दिए कि लाइब्रेरी के इंटीरियर, एसी, पेंटिंग और फर्श से जुड़े सभी सिविल कार्यों को हर हाल में 15 जुलाई 2026 तक पूरा कर लिया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता जैदी ने नगर आयुक्त को बताया कि इस पूरी परियोजना की स्वीकृत लागत 8.06 करोड़ रुपये है, जिसमें से 2.14 करोड़ रुपये केवल सिविल कार्यों पर खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी के लिए अब तक 18,500 किताबों की कैटालॉगिंग (सूचीकरण) का काम पूरा हो चुका है, साथ ही ऐतिहासिक व महत्वपूर्ण पुस्तकों के करीब 10 लाख पन्नों को डिजिटल स्वरूप दिया जा चुका है।
स्मार्ट सिटी की अन्य जनसुविधाओं को देखते हुए नगर आयुक्त ने डिजिटल लाइब्रेरी के मूल नक्शे (प्लान) में बदलाव के निर्देश दिए हैं। नए प्रस्ताव के तहत अब गांधी भवन के ग्राउंड फ्लोर पर केवल लैंग्वेज लैब और सीनियर सिटीजन लैब बनाई जाएगी। वहीं, मुख्य डिजिटल लाइब्रेरी, सर्वर रूम, चिल्ड्रेन लाइब्रेरी कम रिक्रिएशन एरिया और रिसेप्शन को फर्स्ट फ्लोर (प्रथम तल) पर शिफ्ट किया जाएगा।गांधी भवन के ऐतिहासिक महत्व को सहेजने के लिए इसके रेस्टोरेशन (जीर्णोद्धार) के भी निर्देश दिए गए हैं। भवन के भू-तल पर कानपुर के गौरवशाली इतिहास को दर्शाती एक भव्य आर्ट गैलरी, बॉल रूम प्रदर्शनी हॉल, आगंतुकों के लिए कैफेटेरिया, बच्चों का प्ले एरिया और ऑडियो-विजुअल रूम जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
नगर आयुक्त ने बताया कि लाइब्रेरी में लगने वाले उपकरणों और फर्नीचर की गुणवत्ता की जांच 5 जून को नामित संस्था 'राइट्स लिमिटेड' द्वारा की जाएगी। इसके बाद 8 जून को गठित समिति की बैठक में अंतिम रूप से इलेक्ट्रॉनिक्स सामान और फर्नीचर का चयन कर लिया जाएगा। उन्होंने स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी को निर्देश दिए कि नए स्टार्टअप्स से बेहतर सुझाव लेने के लिए तुरंत एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EoI) जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जाए।निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अभियंता आर.के. सिंह, स्मार्ट सिटी की उपासना और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सुरेश राठौर


0 Comments